इंडियन प्रीमियर लीग का सबसे शर्मनाक रिकॉर्ड कोलकाता नाइट राइडर्स के इस खिलाड़ी के नाम, रोहित शर्मा अब लेंगे राहत की सांस

कोलकाता नाइट राइडर्स के बल्‍लेबाज मंदीप सिंह के नाम एक शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज हो गया है। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के तेज गेंदबाज डेविड विली ने क्‍लीन बोल्‍ड करके मंदीप सिंह की पारी पर विराम लगाया था।

calender

IPL 2023: मुंबई इंडियंस के कप्‍तान रोहित शर्मा और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के विकेटकीपर बल्‍लेबाज दिनेश कार्तिक अब राहत की सांस लेंगे। क्योंकि कोलकाता नाइट राइडर्स के बल्‍लेबाज मंदीप सिंह ने IPL का एक शर्मनाक रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। गुरुवार को IPL 2023 के 9वें मुकाबले में मंदीप सिंह रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ बिना खाता खोले आउट होकर पवेलियन लौट गए।

कोलकाता के ईडन गार्डन्‍स स्टेडियम पर खेले गए मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स ने पहले बल्‍लेबाजी की। वेंकटेश अय्यर के आउट होने के बाद मंदीप सिंह चौथे ओवर में क्रीज पर आए। मंदीप सिंह को डेविड विली ने पहली ही गेंद पर क्‍लीन बोल्‍ड कर दिया। मंदीप सिंह को डेविड विली की आउट स्विंग गेंद बिल्कुल भी समझ नहीं आई और वो डिफेंस करने के लिए गए, लेकिन तब तक गेंद स्‍टंप उखाड़ चुकी थी।

मंदीप सिंह के नाम दर्ज हुआ शर्मनाक रिकॉर्ड -

मंदीप सिंह बिना खाता खोले आउट होकर पवेलियन लौट गए और अपने नाम एक शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज करा लिया है। मंदीप सिंह IPL इतिहास में सबसे ज्‍यादा बार शून्‍य पर आउट होने वाले बल्‍लेबाज बन गए हैं। यह 15वां मौका था जब मंदीप सिंह बिना खाता खोले आउट हुए। इस मामले में मंदीप सिंह ने रोहित शर्मा और दिनेश कार्तिक को पीछे छोड़ा। रोहित शर्मा और दिनेश कार्तिक दोनों 14- 14 बार बिना खाता खोले आउट हुए हैं।

बता दें कि पार्थिव पटेल, पीयूष चावला, हरभजन सिंह, अजिंक्‍य रहाणे और अंबाती रायडू 13 बार शून्‍य पर आउट होकर संयुक्‍त रूप से तीसरे स्‍थान पर कायम हैं। वहीं सुनील नरेन, ग्‍लेन मैक्‍सवेल, राशिद खान, मनीष पांडे और गौतम गंभीर 12 बार बिना खाता खोले आउट हुए। रविचंद्रन अश्विन, अमित मिश्रा, एबी डिविलियर्स और शिखर धवन 10 बार बिना खाता आउट होने वाले बल्‍लेबाज हैं।

कोलकाता नाइट राइडर्स की जीत -

कोलकाता नाइट राइडर्स मंदीप सिंह के बिना खाता खोले आउट होना को जरा भी नहीं खला। कोलकाता नाइट राइडर्स ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को अपने घरेलू मैदान पर IPL 2023 के 9वें मुकाबले में 81 रन के बड़े अंतर से करारी शिकस्त दी। कोलकाता नाइट राइडर्स ने पहले करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 204 का स्‍कोर बनाया। जिसके जवाब में 204 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम 17.4 ओवर में महज 123 रन पर सिमट गई।

First Updated : Friday, 07 April 2023