15 साल के वैभव का तूफान, क्रिस गेल का महारिकॉर्ड चकनाचूर, एक IPL सीजन में जड़े सर्वाधिक छक्के

वैभव ने आईपीएल 2026 एलिमिनेटर में विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए क्रिस गेल का एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड तोड़ दिया. 15 वर्षीय बल्लेबाज ने सिर्फ 16 गेंदों में अर्धशतक लगाकर कई बड़े टी20 रिकॉर्ड भी अपने नाम किए.

calender

नई दिल्ली: आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में राजस्थान हैदराबाद के बीच खेले जा रहे मुकाबले में 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव ने इतिहास रच दिया. बिहार से आने वाले इस प्रतिभाशाली बल्लेबाज ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर खींच लिया. मैच के दौरान उन्होंने कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए और टी20 क्रिकेट के दिग्गज बल्लेबाज क्रिस गेल का एक खास रिकॉर्ड भी तोड़ दिया.

सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड

हैदराबाद के खिलाफ खेले गए इस महत्वपूर्ण मुकाबले में वैभव ने बेहद आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की. उन्होंने तेजी से रन बनाते हुए एक आईपीएल सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. इससे पहले यह उपलब्धि क्रिस गेल के नाम थी, जिन्होंने आईपीएल 2012 में 59 छक्के जड़े थे. वैभव ने इस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया. उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी ने विपक्षी गेंदबाजों को पूरी तरह दबाव में ला दिया.

युवा बल्लेबाज ने अपनी पारी के दौरान केवल 16 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया. इस प्रदर्शन के साथ वह आईपीएल इतिहास में 20 से कम गेंदों में सबसे ज्यादा बार अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर पहुंच गए. उन्होंने इस मामले में निकोलस पूरन की बराबरी कर ली है. दोनों बल्लेबाज अब तक पांच-पांच बार 20 से कम गेंदों में फिफ्टी पूरी कर चुके हैं. इस सूची में शीर्ष स्थान पर अभिषेक शर्मा हैं, जिन्होंने छह बार यह उपलब्धि हासिल की है.

वैभव सूर्यवंशी ने पावरप्ले में भी एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम की. वह आईपीएल इतिहास में शुरुआती छह ओवरों के भीतर सबसे ज्यादा बार 50 से अधिक रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए. उन्होंने पांचवीं बार पावरप्ले में 50+ स्कोर किया. इस दौरान उन्होंने हेड को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने चार बार यह कारनामा किया था. इस रिकॉर्ड में फिलहाल शीर्ष पर डेविड वार्नर हैं, जिन्होंने छह बार पावरप्ले में 50 से ज्यादा रन बनाए हैं. First Updated : Wednesday, 27 May 2026

Topics :