सुबह उठा, ‘Believe’ वाला वॉलपेपर सेट किया और फिर ठाना कि... ओवल टेस्ट में जीत के बाद क्या बोले सिराज?

ओवल टेस्ट में मोहम्मद सिराज के शानदार प्रदर्शन ने भारत को इंग्लैंड पर 6 रन से ऐतिहासिक जीत दिलाई और सीरीज 2-2 से बराबर कर दी. बुमराह की गैरमौजूदगी में सिराज ने 23 विकेट लेकर टीम की जीत में निर्णायक भूमिका निभाई.

Simran Sachdeva

भारतीय क्रिकेट में जब-जब हौसले और आत्मविश्वास की मिसाल दी जाएगी, मोहम्मद सिराज का नाम सुनहरे अक्षरों में दर्ज होगा. इंग्लैंड के खिलाफ ओवल टेस्ट में सिराज ने ऐसा जज्बा दिखाया, जिसने भारत को एक ऐतिहासिक जीत दिलाई और टेस्ट सीरीज को 2-2 की बराबरी पर खत्म किया. इस रोमांचक मुकाबले में भारत ने सिर्फ 6 रन से जीत दर्ज कर क्रिकेट इतिहास में एक यादगार पन्ना जोड़ दिया.

जसप्रीत बुमराह की गैरमौजूदगी में मोहम्मद सिराज ने भारतीय गेंदबाजी की कमान संभाली और अपने पूरे दमखम से टीम इंडिया को जीत दिलाई. मैच के बाद उनके ‘बिलीव’ वाले बयान ने लाखों भारतीयों को भावुक कर दिया- ये सिर्फ एक खेल नहीं, ये एक देश के लिए दी गई कुर्बानी जैसी भावना थी.

‘बिलीव’ से शुरू हुई सिराज की सुबह

मोहम्मद सिराज ने टेस्ट के बाद बताया कि मैं सुबह उठा, गूगल खोला और ‘Believe’ (विश्वास) इमोजी वाली वॉलपेपर सेट की. खुद से कहा- मैं ये देश के लिए करूंगा. यह वाक्य सिर्फ एक खिलाड़ी का आत्मविश्वास नहीं, बल्कि उस इरादे की तस्वीर है जिसने आखिरी दिन भारत की हार को जीत में बदल दिया. मोहम्मद सिराज ने बुमराह की गैरमौजूदगी को मौके में बदला. उन्होंने पूरी सीरीज में 185.3 ओवर गेंदबाजी करते हुए 23 विकेट चटकाए और दोनों टीमों में सबसे सफल गेंदबाज बने. उनका अनुशासन, आक्रामकता और नियंत्रण- तीनों इस सीरीज में शीर्ष स्तर पर रहे.

ओवल टेस्ट में ‘दिल थाम देने’ वाला आखिरी दिन

पांचवें और निर्णायक टेस्ट के आखिरी दिन इंग्लैंड को जीत के लिए सिर्फ 35 रन चाहिए थे और उसके हाथ में 4 विकेट बचे थे. भारतीय खेमे में तनाव चरम पर था, लेकिन सिराज के आत्मविश्वास ने पूरा समीकरण पलट दिया. इंग्लैंड की टीम 367 रन पर सिमट गई और भारत ने 6 रन से मैच अपने नाम कर लिया. सिराज ने दूसरी पारी में 104 रन देकर 5 विकेट झटके और भारत की जीत के सबसे बड़े शिल्पकार बने. इस प्रदर्शन ने उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का खिताब दिलाया. उन्होंने सीरीज में 23 विकेट लिए- एक ऐसा आंकड़ा जो बताता है कि वह सिर्फ एक स्पेल नहीं, बल्कि पूरी सीरीज के हीरो थे.

क्रिकेट इतिहास में दर्ज होगी ये जंग

इंग्लैंड ने 374 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए चौथे दिन तक छह विकेट पर 339 रन बना लिए थे. जीत से वे सिर्फ एक अच्छी साझेदारी दूर थे, लेकिन सिराज की धारदार गेंदबाजी ने उन्हें पस्त कर दिया. भारत की ये वापसी क्रिकेट के इतिहास में सबसे बड़ी वापसी में गिनी जाएगी.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो