वैभव सूर्यवंशी फ्लॉप, लेकिन ऋतुराज और अर्शद बने जीत के हीरो; भारत ए ने श्रीलंका को हराया

भारत ए ने त्रिकोणीय सीरीज के अपने पहले मैच में श्रीलंका ए को 8 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की. ऋतुराज गायकवाड़ के शतक और अंतिम ओवरों में अर्शद खान व अंशुल कंबोज की बेहतरीन गेंदबाजी ने भारत को हारी हुई बाजी जिताई.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

नई दिल्ली: त्रिकोणीय सीरीज में भारत ए ने अपने अभियान की शुरुआत रोमांचक जीत के साथ की. मंगलवार को डंबुला में खेले गए मुकाबले में भारत ए ने श्रीलंका ए को 8 रन से हराकर टूर्नामेंट में विजयी आगाज किया. एक समय ऐसा लग रहा था कि मैच पूरी तरह श्रीलंका ए के पक्ष में जा चुका है, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने अंतिम ओवरों में शानदार वापसी करते हुए हारी हुई बाजी पलट दी.

डिकवेला और अविष्का फर्नांडो की मजबूत शुरुआत

278 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका ए को सलामी बल्लेबाज निरोशन डिकवेला और अविष्का फर्नांडो ने मजबूत शुरुआत दिलाई. दोनों ने पहले विकेट के लिए 93 रन जोड़कर टीम को बेहतरीन स्थिति में पहुंचा दिया. हालांकि, आयुष बदोनी ने दोनों बल्लेबाजों को आउट कर भारत को राहत दिलाई, लेकिन इसके बाद कप्तान साहन अराच्चिगे ने जिम्मेदारी संभाल ली.

अराच्चिगे ने 72 गेंदों में 74 रन की शानदार पारी खेलते हुए अपनी टीम को जीत के बेहद करीब पहुंचा दिया. मध्यक्रम के बल्लेबाजों और बाद में वनुजा साहन के सहयोग से श्रीलंका ए मैच पर पकड़ बनाए हुए थी. एक समय टीम को जीत के लिए अंतिम चार ओवरों में सिर्फ 22 रन चाहिए थे और उसके चार विकेट शेष थे.

मैच का रुख 48वें ओवर में बदला, जब श्रीलंका को 16 गेंदों पर 16 रन चाहिए थे. इसी दौरान अंशुल कंबोज ने सटीक यॉर्कर फेंककर सेट बल्लेबाज अराच्चिगे को बोल्ड कर दिया. इस विकेट ने भारतीय टीम में नई ऊर्जा भर दी और मुकाबला फिर से रोमांचक हो गया.

इसके बाद अर्शद खान ने डेथ ओवरों में कमाल का प्रदर्शन किया. 49वें ओवर में उन्होंने विजयकांत वियास्कांत को एलबीडब्ल्यू आउट किया, जबकि ऋतुराज गायकवाड़ की शानदार फील्डिंग की बदौलत वनुजा साहन रन आउट हो गए. इन झटकों से श्रीलंका ए का निचला क्रम दबाव में आ गया.

अंतिम ओवर में अर्शद खान ने लिए तीन विकेट

अंतिम ओवर में अर्शद खान ने तीन विकेट लेकर श्रीलंका ए की उम्मीदों पर पूरी तरह पानी फेर दिया. मेजबान टीम ने आखिरी 10 गेंदों के भीतर अपने अंतिम चार विकेट गंवा दिए और भारत ए ने अविश्वसनीय जीत दर्ज कर ली.

इससे पहले भारत ए ने खराब शुरुआत के बावजूद 50 ओवर में 6 विकेट पर 277 रन बनाए थे. युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी 14 रन बनाकर आउट हो गए, जबकि प्रभसिमरन सिंह भी बड़ी पारी नहीं खेल सके. टीम का स्कोर 16 रन पर दो विकेट हो गया था.

ऐसे मुश्किल समय में उपकप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने 114 गेंदों में 101 रन की शानदार शतकीय पारी खेली. कप्तान तिलक वर्मा ने भी 60 रन का महत्वपूर्ण योगदान दिया. दोनों ने चौथे विकेट के लिए 150 रन की साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया.

अंत में आयुष बदोनी ने 18 गेंदों पर 24 रन और सूर्यांश शेडगे ने 14 गेंदों में नाबाद 26 रन बनाकर टीम को 277 रन तक पहुंचाया. यही स्कोर अंत में जीत और हार का अंतर साबित हुआ. अब भारत ए की अगली भिड़ंत 11 जून को अफगानिस्तान ए से होगी.

Topics

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो