विशाखापट्टनमः भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का अंतिम मुकाबला 6 दिसंबर को विशाखापट्टनम के डॉ. वाईएस राजशेखर रेड्डी एसीए–वीडीसीए स्टेडियम में खेला जाएगा. दोनों ही टीमों ने एक–एक मैच जीता है, इसलिए यह मुकाबला असली फाइनल साबित होने वाला है. मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 1:30 बजे शुरू होगा और प्रशंसकों की नजरें टीम संयोजन तथा खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर टिकी रहेंगी.
दूसरे वनडे में हार के बावजूद भारतीय कप्तान केएल राहुल अपनी प्लेइंग इलेवन में बदलाव की संभावना बहुत कम रखेंगे. इसका मतलब है कि नीतीश कुमार रेड्डी, ऋषभ पंत, ध्रुव जुरेल और तिलक वर्मा को फिर एक बार बेंच पर इंतजार करना पड़ सकता है.
भारतीय टीम के लिए इस मैच में भी सबकी निगाहें विराट कोहली पर होंगी, जो बेहतरीन फॉर्म में हैं और लगातार दो शतक लगा चुके हैं. वहीं रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल भी पावरफुल शुरुआत देने के लिए तैयार हैं.
रायपुर वनडे में नंबर-4 पर बल्लेबाजी करते हुए ऋतुराज गायकवाड़ ने शानदार शतक जड़ा था. उनकी बल्लेबाजी में क्लास, नियंत्रण और धैर्य देखने को मिला. कुछ ऐसा जैसा अक्सर विराट कोहली के खेल में देखा जाता है.
वहीं गेंदबाजी विभाग में भारत के सामने समस्या यह है कि पिछले मैच में प्रसिद्ध कृष्णा ने 85 रन खर्च कर दिए थे. इसके बावजूद टीम में उनके स्थान पर किसी और तेज गेंदबाज को लाने का विकल्प सीमित है, क्योंकि स्क्वॉड में विशेषज्ञ पेसर की कमी है. ऐसे में उन्हें हटाना टीम संतुलन के लिए जोखिम भरा होगा.
दक्षिण अफ्रीका दूसरे वनडे में चोटों से जूझता दिखा. बल्लेबाज टोनी डी जोरजी और तेज गेंदबाज नंद्रे बर्गर हैमस्ट्रिंग चोट के कारण मैच के दौरान ही बाहर हो गए थे. हैमस्ट्रिंग की चोट जल्दी ठीक नहीं होती, इसलिए दोनों का तीसरे वनडे में खेलना लगभग असंभव है. ऐसे में प्लेइंग इलेवन में बदलाव तय माना जा रहा है. बर्गर की जगह ओटनील बार्टमैन को मौका मिल सकता है, जबकि डी जोरजी की जगह रयान रिकेल्टन उतर सकते हैं.
विशाखापट्टनम की पिच ने बीते दो मैचों में अलग-अलग तस्वीरें दिखाई हैं. 2019 में भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 387 रन बनाए थे. 2023 में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 117 पर ऑल आउट कर दिया था. इस बार मौसम साफ है और पिच तैयार करने में कोई बाधा नहीं आई. इसलिए उम्मीद है कि विकेट बल्लेबाजों के लिए मददगार रहेगा और हाई-स्कोरिंग मैच देखने को मिल सकता है. तापमान भी उम्मीद के मुताबिक आरामदायक रहेगा, जो खिलाड़ियों के लिए अनुकूल होगा.
यशस्वी जायसवाल, रोहित शर्मा, विराट कोहली, ऋतुराज गायकवाड़, केएल राहुल (कप्तान/विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, रवींद्र जडेजा, हर्षित राणा, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा
एडेन मार्करम, क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), टेम्बा बावुमा (कप्तान), मैथ्यू ब्रीट्जके, रयान रिकेल्टन, डेवाल्ड ब्रेविस, मार्को जानसेन, कॉर्बिन बॉश, केशव महाराज, लुंगी एनगिडी, ओटनील बार्टमैन
First Updated : Saturday, 06 December 2025