'मैं टूट चुकी हूं...', गर्भवती महिला की छत पर फंदे से लटकती मिली लाश, व्हाट्सएप मैसेज ने खोली पोल

केरल के इरिंजलाकुडा में 23 वर्षीय गर्भवती महिला फसीला की फांसी से लटकी लाश मिली, जिसकी मौत के पीछे पति नौफल और सास की प्रताड़ना को जिम्मेदार माना जा रहा है. पुलिस ने नौफल को गिरफ्तार कर लिया है और व्हाट्सएप मैसेज के आधार पर जांच तेजी से जारी है.

Simran Sachdeva

केरल के इरिंजलाकुडा से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां 23 वर्षीय गर्भवती महिला फसीला की लाश उसके ससुराल की छत पर फांसी के फंदे से लटकी हुई मिली. ये घटना बुधवार को सामने आई, जिसने स्थानीय लोगों को झकझोर कर रख दिया. फसीला की मौत के पीछे का कारण पता लगाने में पुलिस जुटी हुई है. मृतका के पति नौफल और उसकी मां पर फसीला को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप है. पुलिस ने नौफल को हिरासत में ले लिया है और जांच तेजी से आगे बढ़ रही है.

संदिग्ध परिस्थितियों में मिली फसीला की लाश

कोट्टापरमबिल की रहने वाली फसीला की शादी नौफल से हुई थी और वो गर्भवती थी. बुधवार को उसकी लाश उसके ससुराल की छत पर फांसी से झूलती हुई मिली. प्राथमिक जांच में सामने आया है कि ससुराल में चल रहे तनाव और प्रताड़ना के चलते फसीला ने ये कदम उठाया हो सकता है.

व्हाट्सएप मैसेज ने खोली घरेलू हिंसा की परतें

स्थानीय मीडिया में वायरल हुए कुछ व्हाट्सएप मैसेज ने मामले को और भी गंभीर बना दिया है. बताया जा रहा है कि यह मैसेज फसीला ने अपनी मां को भेजे थे, जिनमें उसने पति नौफल पर घरेलू हिंसा और प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए थे. इन मैसेजों में फसीला ने अपनी तकलीफें साझा करते हुए कहा था कि वह मानसिक रूप से बेहद टूट चुकी है.

नौफल मुख्य आरोपी, सास बनीं सह-आरोपी

पुलिस ने नौफल को इस मामले में मुख्य आरोपी बनाकर गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसकी मां को सह-आरोपी के रूप में नामजद किया गया है. दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है. मामले में IPC की संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

पुलिस ने लोगों से मांगी मदद

जांच अधिकारी ने जनता से अपील की है कि अगर किसी के पास फसीला से जुड़ी कोई और जानकारी है, तो वो सामने आकर पुलिस की मदद करें. ये मामला सिर्फ एक महिला की मौत का नहीं, बल्कि समाज में गर्भवती महिलाओं के खिलाफ हो रहे अत्याचार का बड़ा उदाहरण है, जिसे रोकना अत्यंत आवश्यक है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag