पत्नी का मुंडवाया सिर, मुंह पर पोती कालिख, छत्तीसगढ़ से सामने आया पति का हैवान रूप?

छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले से एक महिला के साथ कथित तौर पर हुई क्रूरता का मामला सामने आया है, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी है. पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने उसके पति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Yashika Jandwani

रायपुर: छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले से एक महिला के साथ कथित तौर पर हुई क्रूरता का मामला सामने आया है, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी है. पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने उसके पति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. हालांकि आरोपी फिलहाल फरार बताया जा रहा है और उसकी तलाश की जा रही है. क्या है पूरा मामला चलिए जानते है. 

पत्नी संग की मारपीट 

जानकारी के अनुसार, मामला पटना थाना क्षेत्र के एक गांव का है. पीड़िता द्वारा पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया गया है कि उसका पति लंबे समय से उससे विवाद कर रहा था. वहीं दोनों के बीच मतभेद बढ़ने के बाद वह अलग रहकर मजदूरी और घरेलू काम करके अपना जीवन बिता रही थी. लेकिन कुछ दिन पहले उसका पति उसे खोजते हुए उस स्थान पर पहुंचा, जहां वह रह रही थी. 

वहां पहुंचने के बाद दोनों के बीच एक बार फिर से विवाद शुरू हुआ, जिस दौरान आरोपी ने उसके साथ मारपीट की. इतना ही नहीं शिकायत में कहा गया है कि महिला को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया तथा सार्वजनिक रूप से अपमानित करने की भी कोशिश की गई. 

मुंह पर पोती गई कालिख 

पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसके बाल काट दिए गए, चेहरे पर कालिख पोती गई और इस दौरान पूरी घटना का वीडियो भी रिकॉर्ड किया गया. इसके साथ ही महिला का कहना है कि इस दौरान उसे लगातार धमकियां दी गई और उसकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई.  बता दें, इस घटना का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला और अधिक चर्चा में आ गया है. 

आरोपी ने दी सफाई 

वहीं घटना के बाद आरोपी पति ने अपने ऊपर लगे आरोपों को लेकर सफाई दी है.  उसका कहना है कि पारिवारिक विवाद के चलते यह स्थिति पैदा हुई. हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और सभी पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, महिला की शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है. 

वायरल वीडियो और अन्य उपलब्ध सबूतों की भी जांच की जा रही है. वहीं कहा जा रहा है कि प्रारंभिक जांच के बाद जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त धाराएं भी जोड़ी जा सकती हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. 

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो