उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक शादी के दौरान तंदूरी रोटी को पहले लेने को लेकर हुए विवाद में दो युवकों की जान चली गई. ये दुखद घटना जामो थाना क्षेत्र के बलभद्र पुर गांव में घटी, जहां एक शादी समारोह के दौरान अचानक हुए विवाद ने खुशियों को मातम में बदल दिया. मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
रविवार को रामजियावन वर्मा के घर बेटी की शादी की खुशियां मनाई जा रही थी, लेकिन बारात के आने के बाद सबकुछ पलभर में बदल गया. जैसे ही तंदूरी रोटी परोसी गई, रवि कुमार उर्फ कल्लू (18) और आशीष कुमार (17) के बीच पहले रोटी लेने को लेकर कहासुनी शुरू हो गई. विवाद इतना बढ़ा कि दोनों के बीच लाठी-डंडों से जमकर मारपीट हुई. इस हिंसक संघर्ष में आशीष कुमार की मौके पर ही मौत हो गई और रवि कुमार इलाज के दौरान रास्ते में दम तोड़ दिया.
घटना के बाद दोनों युवकों के परिवारों में कोहराम मच गया. रामजियावन वर्मा ने बताया कि हम लोग शादी की तैयारियों में व्यस्त थे, तभी हमें पता चला कि लड़ाई हो रही है. जब हम मौके पर पहुंचे तो दोनों लोग बुरी तरह घायल हो चुके थे. हमने उन्हें बीच में रोकने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी.
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. गौरीगंज सर्किल सीओ अखिलेश वर्मा ने कहा कि बारात के दौरान दो युवकों के बीच मारपीट हुई थी, जिसमें दोनों की मौत हो गई. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अब जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
पुलिस इस मामले में शिकायत और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की जांच कर रही है. इस घटना ने ना केवल शादी के माहौल को गहरे शोक में बदल दिया, बल्कि समाज में बढ़ते हिंसक विवादों को लेकर गंभीर सवाल भी खड़े किए हैं. First Updated : Sunday, 04 May 2025