यूपी के बदायूं में पानी भरे खाई में पलटी प्राइवेट बस, दो की मौत, कई यात्री दबे

बदायूं में एक प्राइवेट बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पानी से भरी खाई में पलट गई. इस हादसे में मौके पर ही एक महिला और एक मासूम बच्चे की मौत हो गई.

calender

Road Accident in Badaun: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में बुधवार की दोपहर दर्दनाक हादसा हो गया. दातागंज कोतवाली क्षेत्र के डहरपुर गांव के पास एक प्राइवेट बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पानी से भरी खाई में पलट गई. इस हादसे में मौके पर ही एक महिला और एक मासूम बच्चे की मौत हो गई, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए. बस में करीब 24 लोग सवार थे और आशंका जताई जा रही है कि कुछ लोग बस के नीचे दबे हो सकते हैं.

डहरपुर गांव के पास की घटना 

जानकारी के मुताबिक, यह बस म्याऊं से बदायूं की ओर जा रही थी. डहरपुर गांव के पास बस अचानक नियंत्रण से बाहर हो गई और सीधे खाई में जा गिरी. पानी से भरी खाई में गिरते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई. आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया. उन्होंने पुलिस और एंबुलेंस को भी सूचना दी. पानी में फंसी बस से लोगों को बाहर निकालना बेहद मुश्किल साबित हो रहा था, फिर भी ग्रामीणों ने मिलकर कई घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला.

इसी बीच पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और राहत कार्य को तेज कर दिया. घायलों को तुरंत एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया. वहां डॉक्टरों ने एक महिला और एक बच्चे को मृत घोषित कर दिया. मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है. कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है.

बस की रफ्तार थी काफी तेज

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस की रफ्तार काफी तेज थी, जिसे हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि बस की फिटनेस पर भी सवाल खड़े होते हैं. दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद अधिकारी बस को सीधा करने की कोशिश कर रहे हैं, ताकि नीचे दबे संभावित यात्रियों को निकाला जा सके. इसके लिए क्रेन को बुलाया गया है और बचाव अभियान लगातार जारी है.

फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर लोगों के बयान दर्ज करने शुरू कर दिए हैं. हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है. यह दुर्घटना फिर से तेज रफ्तार और लापरवाही से बस संचालन पर सवाल खड़ा करती है. प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि हादसे की पूरी जांच होगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. First Updated : Wednesday, 03 September 2025