Bihar Assembly Election 2025: चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी चुनावी रणनीति को धार देना शुरू कर दिया है. इसी सिलसिले में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह दो दिवसीय बिहार दौरे पर पहुंचे हैं. शुक्रवार को पटना में पार्टी नेताओं के साथ अहम बैठक करने के बाद शनिवार को वे समस्तीपुर और अररिया में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से संवाद करेंगे.
पटना में हुई बैठक में शाह ने जीत का नया ट्रिपल M फॉर्मूला पेश किया. उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि आगामी चुनाव में बीजेपी और एनडीए का लक्ष्य 225 सीटें जीतना है. इसके लिए कार्यकर्ताओं को जनता से गहरा जुड़ाव बनाने और हर महिला तक पहुंचने की जिम्मेदारी निभाने को कहा गया.
शाह ने पार्टी नेताओं को संबोधित करते हुए ट्रिपल M यानी महिला, मोदी और मंदिर का मंत्र दिया. उन्होंने कहा, "महिला परिवार की धुरी होती हैं, इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता को हर महिला तक पहुंचना होगा और एनडीए सरकार की योजनाओं की जानकारी देनी होगी."
शाह ने यह भी स्पष्ट किया कि जाति, धर्म और विचारधारा से ऊपर उठकर केवल जनता से संवाद किया जाए और उन्हें विश्वास दिलाया जाए कि एनडीए ही विकास और स्थिरता की गारंटी है.
अमित शाह ने नेताओं को निर्देश दिया कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कम से कम 225 बार जनसंपर्क अभियान चलाया जाए. उनका कहना था कि जीत केवल संगठन की मजबूती और जनता से प्रत्यक्ष संवाद से संभव है.
शनिवार को शाह समस्तीपुर के सरायरंजन स्थित इंजीनियरिंग कॉलेज में उत्तर-मध्य बिहार के आठ जिलों समस्तीपुर, मधुबनी, झंझारपुर, बेगूसराय, खगड़िया समेत अन्य क्षेत्रों के नेताओं से मिलेंगे. इस बैठक में विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों के नामों पर भी चर्चा होगी.
कॉन्फ्रेंस हॉल में होने वाली इस बैठक में वरिष्ठ नेताओं के लिए मंच तैयार किया गया है, जबकि आम कार्यकर्ताओं को प्रवेश नहीं मिलेगा. शाह हेलिकॉप्टर से समस्तीपुर पहुंचेंगे और इसके लिए नरघोगी में अस्थायी हेलीपैड बनाया गया है.
समस्तीपुर के बाद शाह अररिया जाएंगे, जहां वे कोसी-सीमांचल और अंग प्रदेश के दस जिलों की भाजपा कोर कमेटी के साथ बैठक करेंगे. इसमें 49 विधानसभा क्षेत्रों के प्रतिनिधि शामिल होंगे. लगभग दो घंटे की इस बैठक में चुनावी रणनीति और संगठन की मजबूती पर फोकस रहेगा. शाह कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए ‘225 सीट मिशन’ के लिए प्रेरित करेंगे.
इससे पहले शुक्रवार को शाह ने पश्चिम चंपारण और सारण के करीब 350 नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की थी. बेतिया स्थित गवर्नमेंट इंजीनियरिंग कॉलेज में हुई इस बैठक में उन्होंने कहा, "कौन क्या है, यह भूल जाइए, चुनाव को एक सामान्य कार्यकर्ता की तरह लड़िए."
प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने बताया कि स्क्रीनिंग के बाद उम्मीदवारों की सूची अमित शाह को सौंप दी गई है. अब अंतिम निर्णय शीर्ष नेतृत्व करेगा. First Updated : Saturday, 27 September 2025