कामायनी और दादर एक्सप्रेस में बम की धमकी से मचा हड़कंप, स्टेशन पर की गई चेकिंग

जीआरपी के मीडिया प्रभारी श्याम बाबू ने बताया कि राजकीय रेलवे पुलिस प्रयागराज को सोशल मीडिया के माध्यम से मंगलवार सुबह साढ़े दस बजे सूचना प्राप्त हुई कि बलिया से मुंबई जाने वाली कामायनी एक्सप्रेस ट्रेन और गोरखपुर से मुंबई जाने वाली दादर एक्सप्रेस ट्रेन में बम है.

Yaspal Singh
Edited By: Yaspal Singh

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर, बलिया से प्रयागराज होकर लोकमान्य तिलक टर्मिनस के लिए चलने वाली कामायनी एक्सप्रेस ट्रेन में बम होने की सूचना के बाद हड़कंप मच गया. प्रयागराज के कंट्रोल रूम से ट्रेन में बम होने की सूचना के बाद डिस्ट्रिक्ट पुलिस और जीआरपी के साथ आरपीएफ संयुक्त टीम ने ट्रेन को यार्ड में ले जाकर चेक किया.

राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के मीडिया प्रभारी श्याम बाबू ने बताया कि राजकीय रेलवे पुलिस प्रयागराज को सोशल मीडिया के माध्यम से मंगलवार सुबह साढ़े दस बजे सूचना प्राप्त हुई कि बलिया से मुंबई जाने वाली कामायनी एक्सप्रेस ट्रेन और गोरखपुर से मुंबई जाने वाली दादर एक्सप्रेस ट्रेन में बम है.

इस दौरान बम निरोधक दस्ता (B.D.S.) को भी सूचित किया गया. क्षेत्राधिकारी श्यामकांत की माने तो कंट्रोल रूम प्रयागराज से सूचना आई थी. उन्होंने बताया कि डिस्ट्रिक्ट पुलिस, जीआरपी और आरपीएफ बलिया द्वारा कोआर्डिनेशन बनाकर हम लोग मौके पर पहुंचे और ट्रेन को यार्ड में पहुंचाया गया. इसके बाद ट्रेन की विधिवत चेकिंग की गई.

पूरी ट्रेन को किया गया चेक

क्षेत्राधिकारी ने बताया कि हम लोग S.H.M.D. इत्यादि इक्विपमेंट के साथ यहां आए और इसको प्रॉपर चेक कर लिया गया. इसके अलावा हम लोग ने बी.डी.एस. को भी सूचना दी और वो लोग भी आ रहे हैं. अभी तक ऐसी कोई सूचना, ऐसी कोई दिक्कत नहीं है. ट्रेन में मौजूद पुलिसकर्मियों और जांच दल पूरे ट्रेन की जांच कर रहा है. ट्रेन खाली होने की वजह से जांच में आसान रही.

अप्रैल से हुई थी शुरूआत

गौरतलब है कि बीते करीब एक साल में ऐसे कई मामले सामने आए हैं. कई मौकों पर बम से उड़ाने की धमकी वाले मैसेज और कॉल आए हैं. लेकिन अभी तक जांच के दौरान कुछ नहीं पाया गया है. बीते साल अप्रैल से ही ऐसे मामलों के सामने आने की शुरूआत हुई थी. तब कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag