Chandigarh News: चंडीगढ़ में एक तेज रफ्तार पोर्शे कैयेन कार के दो स्कूटरों से जोरदार टक्कर होने की घटना सामने आई है. यह हादसा सोमवार शाम सेक्टर 4 पेट्रोल पंप के पास हुआ. पुलिस के अनुसार, Porsche SUV तेज रफ्तार में गलत दिशा से आ रही थी, जब उसने पहले एक स्कूटर को टक्कर मारी, जिस पर एक युवक सवार था. इसके बाद, दूसरी स्कूटी पर सवार दो महिलाओं को भी गाड़ी ने अपनी चपेट में ले लिया.
हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद युवक की मौके पर ही टांग कट गई और उसकी दर्दनाक मौत हो गई. वहीं, घायल महिलाओं को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
तेज रफ्तार में आ रही यह लग्जरी SUV टक्कर के बाद सड़क पर घिसटती चली गई और एक इलेक्ट्रिक पोल से जा टकराई. दुर्घटना में पोल को भी भारी नुकसान पहुंचा, जबकि Porsche SUV का सामने का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, टायर तक फट गए.
आपको बता दें कि यह पहला मामला नहीं है जब महंगी और तेज रफ्तार कारों ने निर्दोष लोगों की जान ली हो. बल्कि इससे पहले मई 2024 में, पुणे में 17 साल के एक लड़के ने Porsche SUV से बाइक को टक्कर मार दी थी, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई थी. मार्च 2025 में, मुंबई के वर्ली में Coastal Road पर तेज रफ्तार BMW डिवाइडर से टकरा गई, जिससे कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई. वहीं अक्टूबर 2024 में, ठाणे में एक स्पीडिंग Mercedes ने स्कूटी सवार युवक को कुचल दिया और मौके से फरार हो गई. First Updated : Tuesday, 11 March 2025