दिल्ली रेस्टोरेंट में भारतीय कपड़े पहनने पर कपल को रोका? मालिक ने दी सफाई
दिल्ली के पीतमपुरा स्थित ‘टुबाटा’ रेस्टोरेंट पर भारतीय परिधान में आई महिला को एंट्री ना देने का आरोप लगा, लेकिन मालिक ने इसे गलतफहमी बताते हुए सभी ग्राहकों के स्वागत की बात कही.

Delhi restaurant dress code: दिल्ली के पीतमपुरा स्थित एक रेस्टोरेंट में एंट्री को लेकर सोशल मीडिया पर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है. वायरल हुए एक वीडियो में एक कपल ने दावा किया कि महिला को पारंपरिक भारतीय पोशाक में होने के कारण रेस्टोरेंट में एंट्री नहीं दी गई. पुरुष का आरोप था कि भारतीय कपड़े पहनने वाले मेहमानों को बाहर कर दिया गया, जबकि ‘कम कपड़े’ पहने लोगों को आसानी से प्रवेश मिल गया.
वीडियो वायरल होते ही मामला तूल पकड़ गया और दिल्ली सरकार भी सक्रिय हो गई. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घटना पर संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश दिए. वहीं, रेस्टोरेंट मालिक ने सभी आरोपों को नकारते हुए कहा कि उनके यहां किसी भी प्रकार का ड्रेस कोड प्रतिबंध नहीं है और सभी ग्राहकों का स्वागत किया जाता है.
रेस्टोरेंट मालिक का पक्ष
रेस्टोरेंट ‘टुबाटा’ के मालिक नीरज अग्रवाल ने इस मामले पर सफाई देते हुए कहा कि ऐसा कुछ नहीं है, हम सभी का स्वागत करते हैं, चाहे वे भारतीय परिधान में हों या वेस्टर्न में. ये नया रेस्टोरेंट है, यहां काफी वेटिंग रहती है, करीब 1 से 1.5 घंटे. उस दिन भी रविवार और फ्रेंडशिप डे होने के कारण भीड़ थी. शायद उन्हें इंतजार करना बुरा लगा. नीरज अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि यहां केवल एक शर्त है- पहले से रिजर्वेशन करवाएं, ताकि भीड़ के समय असुविधा से बचा जा सके. उन्होंने कहा कि हम अच्छा खाना और क्वालिटी सर्विस देते हैं, स्टाफ भी अनुभवी है, सब कुछ बहुत अच्छा है.
#WATCH | Neeraj Agarwal, owner of the restaurant 'Tubata', says, "There is nothing like that, we welcome everyone, irrespective of whether they are dressed in Indian attire or Western attire...This is a new restaurant, so there is a lot of waiting here, anything between 1-1.5… https://t.co/52EPcSpRSh pic.twitter.com/n1hwrngTAk
— ANI (@ANI) August 8, 2025
सरकार की कार्रवाई और जांच के आदेश
दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा ने बताया कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को तुरंत जांच करने का निर्देश दिया है. उन्होंने कहा कि दिल्ली में ये बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. रेस्टोरेंट के बाहर लगे एक नोट में भी लिखा गया है- रेस्टोरेंट में सभी प्रकार के भारतीय परिधान की अनुमति है.
रेस्टोरेंट का स्पष्टीकरण और माफी
विवाद के बाद, रेस्टोरेंट प्रबंधन ने एक वीडियो जारी कर माफी मांगी और कहा कि सभी ग्राहक, चाहे किसी भी प्रकार का वस्त्र पहनें, स्वागत योग्य हैं. यह वीडियो कपिल मिश्रा ने भी साझा किया. सद्भावना दिखाने के लिए, रेस्टोरेंट ने रक्षा बंधन पर भारतीय परिधान पहनकर आने वाली बहनों को विशेष डिस्काउंट देने की घोषणा की.


