उधार देने से किया इनकार, तो हथौड़े से मार डाला! दिल्ली के फार्महाउस में खौफनाक वारदात

दिल्ली के छतरपुर में 10 हजार रुपये के लेन-देन को लेकर एक ड्राइवर ने सहकर्मी की हथौड़े से हत्या कर शव सेप्टिक टैंक में फेंक दिया. पुलिस ने सीसीटीवी और मोबाइल डेटा के आधार पर आरोपी चंद्र प्रकाश को पालम से गिरफ्तार कर लिया.

Simran Sachdeva

दिल्ली के छतरपुर इलाके में एक फार्महाउस में काम करने वाले 42 वर्षीय व्यक्ति की उसके ही सहकर्मी द्वारा बेरहमी से हत्या कर दी गई. महज 10 हजार रुपये के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में ये खौफनाक वारदात सामने आई. मृतक की पहचान सीता राम के रूप में हुई है, जो पिछले 10 सालों से फार्महाउस में घरेलू कर्मचारी के रूप में काम कर रहा था.

पुलिस ने इस मामले में आरोपी ड्राइवर चंद्र प्रकाश (47) को दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के पालम से गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी ने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार कर लिया है. पुलिस के मुताबिक, चंद्र प्रकाश ने पैसों के लिए सीता राम से झगड़ा किया और गुस्से में आकर हथौड़े से वार कर उसकी हत्या कर दी, फिर सबूत मिटाने के इरादे से शव को फार्महाउस के सेप्टिक टैंक में फेंक दिया.

गुमशुदगी की रिपोर्ट से खुला हत्या का राज

पुलिस को 26 जुलाई को मेहरौली थाने में सीता राम की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी. वह यूपी का रहने वाला था और फार्महाउस में अकेला रह रहा था क्योंकि मालिक शहर से बाहर था. जब फार्महाउस का मुख्य दरवाजा खुला पाया गया और सीता राम लापता था, तो बाकी कर्मचारियों ने शक के आधार पर पुलिस को सूचना दी.

फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची

शिकायत मिलने पर पुलिस ने खोजबीन शुरू की. इस दौरान फार्महाउस के सेप्टिक टैंक से सीता राम का शव बरामद हुआ. मौके पर फॉरेंसिक टीम और क्राइम ब्रांच को बुलाया गया और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया. डीसीपी (दक्षिण) अंकित चौहान ने बताया कि प्रारंभिक जांच के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) (हत्या) और 238(a) (सबूत मिटाने) के तहत मामला दर्ज किया गया है. 

जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल डेटा और कर्मचारियों के बयानों की मदद से सुराग जुटाए. पता चला कि चंद्र प्रकाश घटना के बाद से गायब था. स्थानीय सुरागों और तकनीकी निगरानी की मदद से पुलिस ने आरोपी को पालम से गिरफ्तार कर लिया.

हत्या का कारण बना 10 हजार रुपये का झगड़ा

पूछताछ में चंद्र प्रकाश ने बताया कि उसने सीता राम से 10 हजार रुपये उधार मांगे थे, लेकिन जब उसने देने से इनकार किया, तो दोनों में झगड़ा हो गया. गुस्से में आकर चंद्र प्रकाश ने हथौड़े से वार कर उसकी हत्या कर दी और शव को छिपाने के लिए सेप्टिक टैंक में डाल दिया. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया हथौड़ा भी बरामद कर लिया है. अब यह जांच की जा रही है कि क्या किसी और को इस वारदात की जानकारी थी या कोई और भी इसमें शामिल था.

स्थानीय लोगों ने जताया शोक

स्थानीय मजदूरों ने सीता राम को एक मददगार और अच्छा इंसान बताया. एक कर्मचारी ने कहा कि मैं पास के फार्महाउस में काम करता हूं और पिछले दो सालों से सीता राम को जानता था. वो बेहद नेकदिल व्यक्ति था. कुछ लोगों ने ये भी आरोप लगाया कि घटना के बाद चंद्र प्रकाश ने ही फार्महाउस मालिक को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. लोगों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag