गुजरात के वडोदरा शहर में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंताएं लगातार गहराती जा रही हैं. शुक्रवार को शहर के हरनी इलाके स्थित सिग्नस स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी दी गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. एयरफोर्स स्टेशन के पास स्थित इस स्कूल को एक अज्ञात व्यक्ति ने ईमेल के माध्यम से बम विस्फोट की धमकी दी थी.
धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड तुरंत मौके पर पहुंच गई. छात्रों और स्टाफ को स्कूल से सुरक्षित बाहर निकालते हुए परिसर को पूरी तरह खाली कराया गया. हालांकि, जांच में कोई विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई है.
सिग्नस स्कूल को भेजे गए धमकी भरे ईमेल ने प्रशासन और अभिभावकों के होश उड़ा दिए. वडोदरा पुलिस ने इसे गंभीरता से लेते हुए बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड के साथ स्कूल की हर कक्षा और कोने-कोने की तलाशी ली. स्कूल के प्रशासन की सूचना पर पुलिस तुरंत हरकत में आई और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी.
धमकी मिलने के बाद स्कूल में मौजूद छात्रों और शिक्षकों को प्राथमिकता के आधार पर बाहर निकाला गया. स्कूल प्रशासन ने अभिभावकों को फोन कर तत्काल बुलाया और बच्चों को सुरक्षित उनके घर भिजवाया. हालांकि कोई संदिग्ध वस्तु ना मिलने से सभी ने राहत की सांस ली, लेकिन घटना ने सभी को डरा दिया.
ये पहली बार नहीं है जब वडोदरा में स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली हो. बीते 15 दिनों में यह तीसरा मामला है. इससे पहले नवरचना स्कूल और एक अन्य स्कूल को भी ईमेल के जरिए धमकियां मिल चुकी हैं. अहमदाबाद, सूरत और वडोदरा जैसे प्रमुख शहरों में ऐसी घटनाएं बढ़ती जा रही हैं, जिससे अभिभावकों की चिंता और प्रशासन की चुनौती दोनों बढ़ गई हैं.
वडोदरा पुलिस ने धमकी भरे ईमेल की तकनीकी जांच शुरू कर दी है. साइबर सेल की मदद से मेल की लोकेशन और भेजने वाले व्यक्ति का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा और बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा. First Updated : Friday, 04 July 2025