महाराष्ट्र में दर्दनाक सड़क हादसा, एक झटके में उजड़ा परिवार, कई जिंदगियां खत्म

भंडारा में शादी से लौट रही कार का टायर फटने से ट्रक से टक्कर हो गई, जिसमें 5 लोगों की मौत और 4 घायल हो गए. हादसे में दूल्हे के चाचा-चाची समेत कई लोगों की जान गई, जबकि ट्रक ड्राइवर पर लापरवाही का केस दर्ज किया गया है.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

महाराष्ट्र के भंडारा जिले में गुरुवार रात एक भीषण सड़क हादसे ने खुशियों के माहौल को मातम में बदल दिया. शादी समारोह से लौट रहे लोगों की मारुति ओमनी और एक ट्रेलर ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. मृतकों में दूल्हे के करीबी रिश्तेदार, चाचा-चाची भी शामिल हैं, जिससे परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है.

दुर्घटना कहां हुई? 

पुलिस के मुताबिक यह दुर्घटना पावनी तहसील के अद्याल गांव के नजदीक हुई. शादी समारोह में शामिल होकर नौ लोग एक मारुति ओमनी में सवार होकर घर लौट रहे थे. रास्ते में अचानक वाहन का टायर फट गया, जिसके कारण चालक का संतुलन बिगड़ गया. नियंत्रण खोने के बाद वाहन सामने चल रहे ट्रेलर ट्रक से जा भिड़ा. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला.

जानकारी के अनुसार, अद्याल गांव निवासी लोमेश नान्हे के बेटे की शादी कोंधा गांव में संपन्न हुई थी. समारोह के बाद परिवार और रिश्तेदार खुशी-खुशी घर लौट रहे थे, लेकिन सौंदल गांव के पास पहुंचते ही यह दर्दनाक हादसा हो गया. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया.

इस दुर्घटना में प्रभाकर चाचरकर और उनकी पत्नी मुन्नी चाचरकर समेत कुल पांच लोगों की जान चली गई. वहीं, चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें वाहन चालक भी शामिल है. घायलों को तुरंत भंडारा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है.

ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज 

पुलिस ने इस मामले में ट्रेलर ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. एफआईआर के अनुसार, ट्रक चालक तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चला रहा था, जो इस हादसे का एक बड़ा कारण माना जा रहा है. उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं और मोटर वाहन अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो