Nikki Dowry Murder Case: ग्रेटर नोएडा में हुए निक्की भाटी दहेज हत्या मामले में पुलिस ने तीसरी गिरफ्तारी कर ली है. सोमवार सुबह मृतका के जेठ को हिरासत में लिया गया. इससे पहले रविवार को सास को और शनिवार को पति विपिन भाटी को गिरफ्तार किया गया था. पुलिस की अब तक की जांच में सामने आया है कि निक्की की हत्या दहेज की मांग पूरी न होने और इंस्टाग्राम पर रील्स पोस्ट करने व ब्यूटी पार्लर दोबारा शुरू करने को लेकर हुए विवाद के चलते की गई.
निक्की को 21 अगस्त को घर में जिंदा जला दिया गया था. घटना के कई चौंकाने वाले वीडियो और गवाही सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं. मृतका निक्की भाटी की उम्र 28 साल थी. शादी 2016 में हुई थी और तभी से उस पर ₹36 लाख की दहेज मांग को लेकर प्रताड़ना का आरोप लगाया गया. परिवार वालों ने पहले ही ससुराल की मांग पूरी करते हुए स्कॉर्पियो और बाइक दी थी, लेकिन लगातार बड़ी रकम के लिए दबाव डाला जाता रहा.
मुख्य आरोपी विपिन भाटी को पुलिस ने शनिवार को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था. मुठभेड़ में उसे चोट भी आई, जिसके बाद उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. रविवार को निक्की की सास को गिरफ्तार किया गया और अब जेठ की गिरफ्तारी के बाद पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है.
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो ने मामले की सच्चाई उजागर कर दी. एक वीडियो में देखा गया कि एक व्यक्ति निक्की पर पार्लर में इस्तेमाल होने वाला थिनर डाल रहा है. दूसरे वीडियो में विपिन उसे बेरहमी से पीटता दिखा. तीसरे वीडियो में निक्की पूरी तरह झुलसी हालत में सीढ़ियों से नीचे उतरती दिखी.
कासना थाना प्रभारी धर्मेंद्र शुक्ला ने बताया कि, "21 अगस्त को करीब 3:30 बजे निक्की ने विपिन से कहा कि वह अपनी बहन के साथ मिलकर पार्लर दोबारा खोलेगी. विपिन ने इसका विरोध किया. निक्की ने कहा कि कोई उन्हें रोक नहीं सकता, जिस पर विपिन ने आपत्ति जताई और झगड़ा बढ़ गया. उसी दौरान विपिन ने उस पर हमला कर दिया."
निक्की को गंभीर झुलसने के बाद अस्पताल ले जाया गया, जहां गुरुवार रात उसकी मौत हो गई. पीड़िता के परिवार का कहना है कि शादी से लेकर अब तक निक्की को लगातार दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता रहा. First Updated : Monday, 25 August 2025