इंदौर: महिला कांस्टेबल की सूझ-बूझ से हिस्ट्रीशीटर पहुंचा सलाखों के पीछे

मामला मध्यप्रदेश के इंदौर शहर का है जहां विजय नगर पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर गुंडे को बड़ी चालाकी से गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है

calender

मध्य प्रदेश। मामला मध्यप्रदेश के इंदौर शहर का है जहां विजय नगर पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर गुंडे को बड़ी चालाकी से गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। आरोपी नेपाल भागने की फ़िराक में था। पुलिस को सूत्रों से पता चला कि गुंडा लड़कियों से बात करने में रूचि रखता है। फिर क्या था महिला कांस्टेबल ने उससे चेटिंग कर बातों में उलझा लिया।

गुंडा जाल में फंस गया और पुलिस के हाथ उसकी लोकेशन लग गई। आरोपित की स्कूली छात्रा के अपहरण के मामले में तलाश थी। थाना प्रभारी रवींद्र गुर्जर ने बताया कि, आरोपित का नाम शैलेंद्र उर्फ कन्नू पुत्र योगेंद्र सिंह सोलंकी है। मूलत: देवास निवासी कन्नू पर देवास, उज्जैन, इंदौर के विभिन्न थानों में 20 से ज्यादा मुकदमें दर्ज हैं। पुलिस अपहरण के प्रयास के मामले में उसकी तलाश कर रही थी।

सूचना मिली कि आरोपित बार-बार ठिकाने बदल लेता है। रविवार के दिन पुलिसकर्मियों को उसका मोबाइल नंबर हाथ लगा। टीआई ने एक महिला कांस्टेबल से उसकी बात करवाई। कांस्टेबल ने श्वेता के नाम से बात की तो बदमाश को शक हो गया।

उसने कहा कि तुम तो पुलिसवाली हो, मुझे पकड़वाने के चक्कर में बात कर रही हो। उसने वीडियो काल पर बात की। इसके बाद पुलिस ने उसकी लोकेशन निकाली और एरोड्रम क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपित ने बताया कि वह जल्द ही नेपाल भागने की फिराक में था।

छात्रा को अगवा कर हत्या कर सकता था गुंडा -

टीआई ने जानकारी देते हुए बताया कि, आरोपित के खिलाफ छात्रा के अपहरण की कोशिश का केस दर्ज किया गया है। वह 11 वर्षीय छात्रा को आटो रिक्शा से अगवा करना चाहता था। छात्रा ने कालका माता मंदिर में छुप कर अपनी जान बचा ली।

जब आरोपित से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि वह छात्रा को अगवा कर हत्या भी कर सकता था। टीआई के मुताबिक, आरोपित से अन्य घटनाओं के संबंध में पूछताछ चल रही है। वह बेहद शातिर है। उसका सीसीटीवी फुटेज सामने आने पर हुलिया बदल लिया था। जो शर्ट का फोटो अखबारों में छपा उसे जला दिया था।

First Updated : Tuesday, 22 November 2022