राजौरी में पाक गोलाबारी से J&K अधिकारी की गई जान, CM उमर अब्दुल्ला ने जताया शोक

India Pakistan Tensions: जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में शनिवार सुबह पाकिस्तान की ओर से की गई गोलीबारी में अतिरिक्त जिला विकास आयुक्त (एडीडीसी) राज कुमार थप्पा की मौत हो गई. इस दुखद घटना पर मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने गहरा शोक जताया है.

calender

India Pakistan Tensions: जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में शनिवार सुबह पाकिस्तान की ओर से की गई भारी गोलाबारी में जिला प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी की मौत हो गई, जबकि उनके दो कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए. इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं राज्य के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है.

मृत अधिकारी की पहचान अतिरिक्त जिला विकास आयुक्त (एडीडीसी) राज कुमार थप्पा के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, पाकिस्तानी सेना की ओर से राजौरी शहर को निशाना बनाते हुए की गई गोलीबारी में उनका आवास भी प्रभावित हुआ, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे. इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.

पाक गोलाबारी से अधिकारी की मौत

अधिकारियों के अनुसार, राजौरी में तड़के पाकिस्तानी फायरिंग में एडीडीसी राज कुमार थप्पा गंभीर रूप से घायल हो गए थे. उनके दो कर्मचारी भी इस हमले में बुरी तरह घायल हुए हैं. तीनों को तुरंत सरकारी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, लेकिन थप्पा ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया.

उमर अब्दुल्ला ने X पर व्यक्त किया शोक

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा, "राजौरी से दिल दहला देने वाली खबर आई है. हमने जम्मू-कश्मीर प्रशासन सेवा के एक समर्पित अधिकारी को खो दिया है. कल ही वह उप मुख्यमंत्री के साथ जिले का दौरा कर रहे थे और मेरी अध्यक्षता में हुई ऑनलाइन बैठक में भी शामिल हुए थे." उन्होंने आगे लिखा, "आज सुबह पाकिस्तानी गोलाबारी में उनका घर निशाना बना और हम हमारे एडीडीसी श्री राज कुमार थप्पा को खो बैठे. इस जीवन के नुकसान पर शब्द नहीं हैं. उनकी आत्मा को शांति मिले."

लोगों से घर में रहने की अपील

पाकिस्तान की ओर से लगातार किए जा रहे ड्रोन हमलों के बीच उमर अब्दुल्ला ने नागरिकों से सड़कों पर न निकलने की अपील की है. उन्होंने लिखा, "मैं जम्मू क्षेत्र के लोगों से अपील करता हूं कि कुछ घंटों तक अपने घरों में रहें या किसी सुरक्षित स्थान पर रुके रहें. अफवाहों पर ध्यान न दें, और बिना पुष्टि की खबरें न फैलाएं. हम सब मिलकर इस कठिन समय से गुजर जाएंगे."

भारतीय सेना की जवाबी कार्रवाई

सीमा पर जारी तनाव के बीच, रक्षा सूत्रों के अनुसार, भारतीय सेना ने पाकिस्तान की उन चौकियों और आतंकियों के लॉन्च पैड्स को तबाह कर दिया है, जहां से ट्यूब-लॉन्च ड्रोन भेजे जा रहे थे. इससे पहले पाकिस्तान ने जम्मू के नागरिक इलाकों को निशाना बनाते हुए एक और उकसावे वाली कार्रवाई की थी, जिसमें एक घर को नुकसान पहुंचा. वहीं, फिरोजपुर में ड्रोन हमले में तीन लोग घायल हुए हैं. First Updated : Saturday, 10 May 2025