Monsoon: विपक्ष की नेता आतिशी ने गुरुवार को एक युवक की मौत का मामला दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा शर्मा के सामने उठाया है. उन्होंने सीएम रेखा गुप्ता को एक चिट्ठी लिखी है, जिसमें आतिशी ने कहा है कि आज सुबह राष्ट्रीय राजधानी में भारी बारिश के कारण हंसराज सेठी मार्ग पर एक पेड़ के गिरकर दब जाने से एक युवक की मौत हो गई. इस घटना में एक लड़की भी गंभीर रूप से घायल हो गई है और अपनी जान के लिए संघर्ष कर रही है. यह कोई 'प्रकृति का कृत्य' नहीं है. यह आपके प्रशासन द्वारा मानसून संबंधी तैयारियों में पूर्णतः कमी का परिणाम है. यह घटना कोई अकेली घटना नहीं है. यह बेहद शर्मनाक है कि आपकी सरकार के सत्ता में आने के बाद से राष्ट्रीय राजधानी में बारिश के कारण कई लोगों की जान चली गई है.
आतिशी ने पिछली घटनाओं की याद दिलाते हुए चिट्ठी में लिखा कि पिछले शनिवार 9 अगस्त को रक्षाबंधन के अवसर पर जब पूरा देश त्योहार की धूम मना रहा था. शहर में दो अलग-अलग त्रासदियों ने तबाही मचा दी. एक घटना में, फर्नी रोड पर खेड़ा खुर्द में बारिश के कारण एक खुले नाले में डूबकर ढाई साल के एक बच्चे की मौत हो गई. उसी दिन एक अन्य घटना में जैतपुर इलाके में एक दीवार का एक हिस्सा गिरने से दो छोटे बच्चों सहित कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई.
आतिशी ने कहा कि 30 जुलाई को खबर आई कि उत्तरी दिल्ली की सहगल कॉलोनी में एलजी सचिवालय के पास एक चारदीवारी का एक हिस्सा गिरने से एक महिला और उसके बेटे की मौत हो गई, जबकि दो मजदूर घायल हो गए. 22 मई को खबर आई कि राष्ट्रीय राजधानी में आए तूफान और बारिश में एक दिव्यांग व्यक्ति सहित कम से कम दो लोगों की मौत हो गई और 11 अन्य घायल हो गए. ये तो बस कुछ उदाहरण हैं जो मीडिया में छपे. इस साल की बारिश में कई और लोगों की जान चली गई है. अगर दूरदर्शिता, बुनियादी ढांचे की तैयारी और निर्णायक शासन होता तो ये सभी एक ऐसी त्रासदी होती जिसे रोका जा सकता था. इसके बजाय दिल्ली के नागरिक हर बारिश के दौरान जलभराव वाली सड़कों से गुजरने, गिरते पेड़ों से बचने और लगातार डर में जीने को मजबूर हैं.
आप नेता ने कहा कि लोक निर्माण विभाग जिसे हमारे शहर की सुरक्षा और बुनियादी ढांचे को बनाए रखने की ज़िम्मेदारी सौंपी गई थी, अपने सबसे बुनियादी कर्तव्य में विफल रहा है. लोक निर्माण मंत्री प्रवेश वर्मा को नैतिक ज़िम्मेदारी लेनी चाहिए और उन्हें तुरंत अपने मंत्रिमंडल से हटा देना चाहिए. इसके अलावा किसी भी चीज़ से जनता का ज़रा भी विश्वास बहाल नहीं होगा. पूरा शहर आपसे इन मौतों के लिए ज़िम्मेदार लोगों के ख़िलाफ़ कार्रवाई करने की उम्मीद कर रहा है.
आपको बता दें कि दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार सुबह ही भारी बारिश हो रही है. राजधानी के कई इलाकों में पानी भरा हुआ है. दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट को शेयर करते हुए लिखा है, "मात्र चंद महीनों में बीजेपी वालों ने दिल्ली का क्या हाल कर दिया…" First Updated : Thursday, 14 August 2025