मध्‍य प्रदेश: बेमौसम बरसात का कहर जारी, कई जिलों में गिरे ओले, फसलों को हुआ भारी नुकसान

मध्‍य प्रदेश में बुधवार दोपहर बाद मौसम का मिजाज बदल गया है। राज्य के अनेक शहरों में तेज हवाओं के साथ बादल भी गरज रहे हैं। बता दें कि गरज- चमक के साथ धूल- भरी आंधी भी चल रही है

Dheeraj Dwivedi
Dheeraj Dwivedi

मध्‍य प्रदेश में बुधवार दोपहर बाद मौसम का मिजाज बदल गया है। राज्य के अनेक शहरों में तेज हवाओं के साथ बादल भी गरज रहे हैं। बता दें कि गरज- चमक के साथ धूल- भरी आंधी भी चल रही है। वहीं राज्‍य में बेमौसम बारिश का दौर भी जारी है। आज चंबल अंचल में बारिश के साथ- साथ ओले भी गिरे। वहीं धार जिले में भी ओलावृष्टि हुई। बताते चलें कि बारिश और ओलों से फसलों को नुकसान की संभावना है।

राज्य में लगातार तीसरे दिन बारिश से किसान काफी परेशान हैं। किसानों को अपनी फसल खराब होने की आशंका है। ग्‍वालियर के साथ- साथ श‍िवपुरी और मुरैना जिले में भी बुधवार को बारिश हुई। बता दें कि जिले के ग्रामीण अंचलों में इस बेमौसम बारिश से खेतों में खड़ी फसल के खराब होने की आशंका भी गहरा गई है। वहीं श‍िवपुरी जिले के पिछोर ब्‍लाक में भी तेज हवा और बारिश के साथ ओले भी गिरे हैं।

बता दें कि मुरैना जिले के अनेक गांवों का भी यही हाल रहा। वहीं धार जिले के अनेक गांवों में भी ओलावृष्टि हुई। किसानों के मुताबिक बारिश और ओलों से फसलें पूरी तरह खराब हो गई हैं। वहीं जानकारों के मुताबिक वर्तमान समय में राजस्थान पर बनी दो मौसम प्रणालियों की वजह से वातावरण में नमी आ रही है। मध्य प्रदेश में इस वजह से कहीं- कहीं बादल छाए हुए हैं।

शेष जिलों में भी अब मौसम शुष्क होने लगा है। राजधानी भोपाल में आसमान साफ होने की वजह से धूप खिली हुई है। वहीं मौसम विज्ञानियों के अनुसार अभी राजस्थान से लगे हुए मध्य प्रदेश के ग्वालियर, उज्जैन, चंबल संभाग के जिलों में कहीं- कहीं थोड़ी- बहुत वर्षा होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि दिन के तापमान में अब धीरे- धीरे बढ़ोतरी होगी। हालांकि अभी रात में गुलाबी- गुलाबी ठंडक बनी रहने की संभावना है।

वहीं मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार 8 मार्च को राजधानी भोपाल का न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य तापमान से एक डिग्री सेल्सियस कम रहा। इसके साथ ही यह मंगलवार के न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस की तुलना में 0.2 डिग्री सेल्सियस कम रहा।

मंगलवार 7 मार्च को शहर का अधिकतम तापमान 28.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो सामान्य तापमान से चार डिग्री सेल्सियस कम रहा था। गुरुवार को राजधानी भोपाल का अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहने की संभावना जताई जा रही है।

calender
09 March 2023, 09:57 AM IST

जरुरी ख़बरें

ट्रेंडिंग गैलरी

ट्रेंडिंग वीडियो