Metro Celebration: अब पार्टी मनाने के लिए हॉल बुक करने की टेंशन खत्म. ना ही फोटोशूट के लिए किसी महंगे स्टूडियो की जरूरत. क्योंकि यूपी मेट्रो (UP Metro) लेकर आया है एक बिल्कुल नई और खास सुविधा – ‘सेलिब्रेशन ऑन व्हील्स’. जी हां, अब आप मेट्रो में भी मना सकते हैं अपना बर्थडे, सगाई, किटी पार्टी या करवा सकते हैं स्टाइलिश प्री-वेडिंग शूट, वो भी सफर करते हुए!
अभी तक मेट्रो का नाम सुनते ही ज़हन में आता था सफर, स्टेशन और जल्दी पहुंचने की चिंता. लेकिन यूपी मेट्रो ने इस सोच को बदल दिया है. अब चलती मेट्रो ट्रेन में भी आप मना सकते हैं खास मौके. चाहे बच्चों का बर्थडे हो, माता-पिता की एनिवर्सरी, किटी पार्टी या फैमिली गेट-टुगेदर, सब कुछ मेट्रो में किया जा सकता है – वो भी आराम से, सुरक्षित तरीके से और कम खर्च में.
इस खास सुविधा की सबसे बड़ी बात ये है कि ये बाकी इवेंट हॉल या शूटिंग लोकेशन के मुकाबले काफी सस्ती है.
यात्रा के लिए सभी मेहमानों को मेट्रो टोकन खरीदना होगा, लेकिन वो कीमत तो सबको मंजूर ही होगी जब इतने खास अंदाज़ में जश्न मनाने का मौका मिले.
इस पहल की शुरुआत खास तौर पर परिवारों, महिलाओं और सीनियर सिटीजन्स को ध्यान में रखकर की गई है. कुछ महिला ग्रुप्स ने तो पहले ही मेट्रो के अंदर किटी पार्टी का आयोजन कर डाला है. इससे साफ है कि लोगों को ये आइडिया खूब पसंद आ रहा है.
अगर आप भी इस नए अनुभव का हिस्सा बनना चाहते हैं, तो बस इवेंट से कम से कम 10 दिन पहले बुकिंग करानी होगी. बुकिंग की प्रक्रिया आसान है और इसके लिए यूपी मेट्रो की वेबसाइट या संपर्क केंद्र से जुड़ा जा सकता है.
‘सेलिब्रेशन ऑन व्हील्स’ सिर्फ एक पहल नहीं बल्कि मेट्रो सफर को यादगार बनाने की दिशा में एक नया कदम है. मेट्रो को सिर्फ ट्रांसपोर्ट नहीं, अब एक्सपीरियंस बनाने का जरिया भी मानिए. तो अगली बार अगर आपके घर में कोई छोटा-मोटा फंक्शन है, तो क्यों न मेट्रो में ही उसे खास अंदाज़ में मनाया जाए? First Updated : Wednesday, 28 May 2025