गौतम बुद्ध नगर के 2 विधायक हो सकते हैं मंत्रिमंडल में शामिल

गौतम बुद्ध नगर के 2 विधायक हो सकते हैं मंत्रिमंडल में शामिल- पंकज सिंह और तेजपाल नागर को मिल सकती है बड़ी जिम्मेदारी

calender

गौतम बुद्ध नगर की तीनों विधान सभा सीटों पर प्रत्याशियों ने रिकॉर्ड मतों से जीत प्राप्त की है। गौतम बुद्ध नगर में इसी के साथ भाजपा का मत प्रतिशत भी पिछले विधान सभा चुनावों से कहीं ज्यादा बढ़ा है। ऐसे में इस बात के भी संकेत मिल रहे हैं कि गौतम बुद्ध नगर के तीनों विधायकों में से किसी दो विधायकों को मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है। वहीं, उत्तर प्रदेश में दूसरे नम्बर पर सबसे बड़ी जीत दर्ज करने वाले नोएडा विधायक पंकज सिंह और तीसरे नम्बर पर बड़ी जीत पाने वाले दादरी के विधायक तेजपाल नागर को कोई बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है।

उत्तर प्रदेश की कैबिनेट में पिछले कई सालों से गौतम बुद्ध नगर के किसी भी विधायक को जगह नहीं मिल सकी है। लेकिन, इस बार उत्तर प्रदेश के मंत्रिमंडल में गौतम बुद्ध नगर को अहम जिम्मेदारी मिलना लगभग तय माना जा रहा है। गौरतलब है कि अंतिम बार राजनाथ सिंह के नेतृत्व में बनी भाजपा सरकार में गौतम बुद्ध नगर के विधायक को राज्यमंत्री बनाया गया था। राजनाथ सिंह के नेतृत्व में बनी भाजपा सरकार में दादरी विधायक नवाब सिंह नागर को कृषि राज्यमंत्री नियुक्त किया गया था। इससे पहले समाजवादी पार्टी की सरकार में एमएलसी नरेंद्र भाटी को मंत्री बनाया गया था। एमएलसी नरेंद्र भाटी को बुलंदशहर के कोटे से ही मंत्री माना जाता रहा है।

2017 में तेजपाल नागर को बनाया जाना था मंत्री

साल 2017 में योगी सरकार के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार में गौतम बुद्ध नगर को विशेष स्थान मिलना लगभग तय माना जा रहा था। इस बात के भी कयास लगाए जा रहे थे कि इस बार भी दादरी विधायक तेजपाल नागर को भी मंत्री बनाया जा सकता है। इस बात के भी संकेत मिलने शुरू हो गए थे कि दादरी विधायक तेजपाल नागर का नाम सूची में लिखा गया है। बाद में योगी सरकार में गौतम बुद्ध नगर को जगह नहीं दी गयी। 

पार्टी के आदेश का किया जाएगा पालनःपंकज सिंह

विधायक पंकज सिंह ने बताया कि पार्टी मंत्रिमंडल को लेकर तय करेगी। पार्टी जो जिम्मेदारी देगी उसका पूरी तरह से निर्वहन किया जाएगा। अभी पार्टी ने उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दी है। अभी उपाध्यक्ष पद पर रहकर काम कर रहा हूं। पार्टी ने इतनी कम उम्र में महामंत्री और उपाध्यक्ष बनने का मौका दिया गया है।

First Updated : Saturday, 12 March 2022