नई दिल्ली: सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के चचेरे भाई आर्यन की शादी मंगलवार को सैफई में भव्य तरीके से संपन्न हुई. शुभ अवसर पर हजारों लोगों ने पहुंचकर नवविवाहित जोड़ें आर्यन और सेरिंग को आशीर्वाद दिया. समारोह में न सिर्फ समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे बल्कि भाजपा के वे नेता भी नजर आए जो अक्सर अखिलेश और उनके परिवार पर राजनीतिक हमले करते रहते हैं.
शादी की तस्वीरें और वीडियो खुद अखिलेश यादव ने एक्स पर शेयर किए, जिनमें कई बड़े भाजपा नेता शामिल दिखे, जबकि कांग्रेस के किसी प्रमुख चेहरे की मौजूदगी नजर नहीं आई. ऐसे में समारोह ने राजनीतिक चर्चाओं को भी हवा दी.
कार्यक्रम में मोदी सरकार के मंत्री एसपी सिंह बघेल और योगी सरकार के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह भी पहुंचे.
बघेल को देखकर पत्रकारों ने उन्हें घेर लिया और सवाल पूछने शुरू कर दिए. इस पर उन्होंने मुस्कराकर कहा कि जिसके घर कार्यक्रम में आए उनके खिलाफ ही बोलें क्या.
एसआईआर और चुनाव आयोग पर विपक्ष के हमलों का सीधा नाम लिए बिना जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग एक संवैधानिक संस्था है. संविधान में आयोग के पास अधिकार हैं. एसआईआर पहली बार नहीं हो रहा है. जो लोग विदेशी घुसपैठियों को मतदाता बनाना चाहते हैं ऐसे ही लोगों को इससे दिक्कत है.
शादी में समाजवादी पार्टी के तमाम शीर्ष नेता जुटे. लोकसभा में हमेशा अखिलेश के साथ दिखाई देने वाले अयोध्या सांसद अवधेश प्रसाद यहां भी उनके पास बैठे नजर आए. इसके अलावा कई प्रमुख नेता मौजूद रहे, जिनमें शामिल हैं सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे, विधान परिषद के नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव, राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन, सांसद जितेंद्र दोहरे, देवेश शाक्य, आनंद भदौरिया, राजीव राय, एमएलसी मुकुल यादव, गुड्डू जमाली, विधायक पवन पांडे, राजू यादव,चर्चित पूर्व सांसद डीपी यादव, सांसद अफजाल अंसारी और विधायक अब्बास अंसारी
समारोह के दौरान अखिलेश यादव ने स्वयं सभी राजनीतिक अतिथियों का स्वागत किया, जिससे कार्यक्रम में पारिवारिक सौहार्द के साथ राजनीतिक रंग भी दिखाई दिया.
First Updated : Wednesday, 26 November 2025