मुजफ्फरनगर: रामपुर तिराहा पहुँचे सतपाल महाराज, पं. महावीर शर्मा को दी श्रद्धांजलि

उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज आज मुजफ्फरनगर के रामपुर तिराहा पहुंचे। जहां उन्होंने राज्य सरकार की ओर से पं. महावीर शर्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।

Vishal Rana
Edited By: Vishal Rana

उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज आज मुजफ्फरनगर के रामपुर तिराहा पहुंचे। जहां उन्होंने राज्य सरकार की ओर से पं. महावीर शर्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की। बता दे, रामपुर में उत्तराखण्ड राज्य के आन्दोलनकारियों के साथ 2 अक्टूबर, 1994 में हुई पुलिस बर्बरता एवं अत्याचार के खिलाफ उत्तराखण्ड सरकार की ओर से मुख्य पक्षकार रहे पं. महावीर शर्मा ने शहीद स्मारक को भूमि दी थी। उत्तराखंड प्रदेश के संस्कृति, धर्मस्व, पर्यटन, लोक निर्माण, सिंचाई, पंचायती राज, ग्रामीण निर्माण एवं जलागम मंत्री सतपाल महाराज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रतिनिधि के तौर पर रविवार को मुजफ्फरनगर पहुंचे।

त्रयोदशी संस्कार के दौरान शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना देते हुए कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि, स्व. पंडित महावीर शर्मा हमेशा से उत्तराखंड के पक्षधर रहे और वह रामपुर, मुजफ्फरनगर में उत्तराखण्ड राज्य आन्दोलनकारियों के साथ 02 अक्टूबर, 1994 में हुई पुलिस बर्बरता एवं अत्याचार के खिलाफ उत्तराखण्ड सरकार की ओर से मुख्य पक्षकार भी रहे हैं।

आगे उन्होंने कहा कि, उत्तराखण्ड राज्य प्राप्ति के लिये शान्ति पूर्ण तरीके से अपनी माँग को केन्द्र सरकार के समक्ष रखने के लिये दिल्ली जा रहे आन्दोलनकारियों के साथ रामपुर तिराहे में भारी रक्तपात हुआ था। उस दौरान आन्दोलनकारियों को सर्वप्रथम मदद पहुँचाने एवं संरक्षण देने में पं. महावीर शर्मा का अहम योगदान रहा है। त्रयोदशी संस्कार के समय पुत्र निर्दोष शर्मा, अनिरूद्ध शर्मा और पोता शुभम शर्मा सहित अनेक लोग उपस्थित थे।

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag