UP में निकली 21 हजार से ज्यादा शिक्षकों की भर्ती, युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी
उत्तर प्रदेश सरकार ने बेसिक शिक्षा विभाग में 21,508 नए शिक्षक और अनुदेशकों की भर्ती का ऐलान किया है, जिससे युवाओं को बड़ा रोजगार अवसर मिलेगा. साथ ही सरकार ने अंशकालिक अनुदेशकों का मानदेय बढ़ाकर 17 हजार रुपये प्रतिमाह और 5 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा देने की घोषणा की है.

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. मुख्यमंत्री योगी ने बेसिक शिक्षा विभाग में बड़े पैमाने पर नई भर्तियों का ऐलान किया है. राज्य सरकार अब 21,508 नए शिक्षक और अनुदेशकों की नियुक्ति करेगी. सरकार का कहना है कि इससे स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था मजबूत होगी और छात्र-शिक्षक अनुपात में सुधार आएगा.
0 हजार नए अनुदेशकों की होगी भर्ती
मुख्यमंत्री योगी ने बताया कि 11,508 सहायक शिक्षकों की भर्ती के लिए अधियाचन शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज को भेज दिया गया है. इन शिक्षकों की नियुक्ति मुख्य रूप से शहरी क्षेत्रों के स्कूलों में की जाएगी. इसके अलावा 10 हजार नए अनुदेशकों की भर्ती भी की जाएगी, जिन्हें उच्च प्राथमिक विद्यालयों में तैनात किया जाएगा. लंबे समय बाद होने जा रही इस भर्ती को युवाओं के लिए बड़ा अवसर माना जा रहा है. इससे पहले राज्य में वर्ष 2018 में 69 हजार शिक्षक भर्ती प्रक्रिया हुई थी.
मुख्यमंत्री सीएम यह घोषणा लोकभवन सभागार में आयोजित अंशकालिक अनुदेशकों के सम्मान समारोह में कर रहे थे. इस दौरान उन्होंने अनुदेशकों के बढ़े हुए मानदेय के चेक भी वितरित किए. उन्होंने कहा कि बेसिक शिक्षा परिषद की व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है.
सरकार ने अनुदेशकों के मानदेय में भी बड़ा इजाफा किया है. मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2011-12 में जब अंशकालिक अनुदेशकों की नियुक्ति शुरू हुई थी, तब उन्हें 7 हजार रुपये मासिक मानदेय मिलता था. कई वर्षों तक इसमें कोई बढ़ोतरी नहीं हुई. वर्ष 2022 में सरकार ने इसमें 2 हजार रुपये की वृद्धि की थी, लेकिन अब इसे बढ़ाकर 17 हजार रुपये प्रतिमाह कर दिया गया है.
फिलहाल प्रदेश में कला शिक्षा, स्वास्थ्य एवं शारीरिक शिक्षा और कार्यानुभव शिक्षा से जुड़े करीब 24 हजार से अधिक अनुदेशक कार्यरत हैं. सरकार ने उनके लिए स्वास्थ्य सुरक्षा योजना भी शुरू की है. मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि सभी अनुदेशकों और उनके परिवारों को 5 लाख रुपये तक का कैशलेस स्वास्थ्य बीमा उपलब्ध कराया जाएगा. इसके लिए उन्हें बेसिक शिक्षा परिषद के पोर्टल पर पंजीकरण कराना होगा, ताकि जल्द स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए जा सकें.
शिक्षा व्यवस्था पर सीएम की राय
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने शिक्षा व्यवस्था और अनुशासन को लेकर भी अपनी राय रखी. उन्होंने कहा कि बच्चों को आत्मनिर्भर और मजबूत बनाना जरूरी है. यदि स्कूलों में बच्चे श्रमदान या स्वच्छता अभियान में हिस्सा लेते हैं तो इसे गलत तरीके से पेश नहीं किया जाना चाहिए. उन्होंने अधिकारियों से कहा कि ऐसे शिक्षकों को दंडित करने के बजाय सम्मानित किया जाए, जो बच्चों में अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना विकसित कर रहे हैं.
सरकार की इस घोषणा से लाखों अभ्यर्थियों में उत्साह का माहौल है. माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में भर्ती प्रक्रिया शुरू होने के बाद युवाओं को सरकारी नौकरी पाने का बड़ा मौका मिलेगा.


