Taj Mahal Threatened: देश की शान, ताजमहल को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से राजधानी समेत देशभर की सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं. शनिवार सुबह केरल से भेजे गए एक फर्जी ईमेल में बताया गया था कि दोपहर 3:30 बजे ताजमहल को RDX से उड़ाया जाएगा. जैसे ही यह खबर मिली तो केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF), ताज सुरक्षा पुलिस, बम निरोधक दस्ते और अन्य संबंधित विभागों ने ताजमहल परिसर में तीन घंटे तक सघन तलाशी अभियान चलाया.
धमकी भरा ईमेल 'सव्वाकू शंकर' नाम के शख्स की ईमेल आईडी से दिल्ली पुलिस, यूपी टूरिज्म विभाग और अन्य अधिकारियों को भेजा गया था. हालांकि जांच में यह ईमेल हाक्स (फर्जी) निकला. साइबर थाने में मामले की शिकायत दर्ज कर ली गई है और जांच शुरू हो गई है. अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि ये धमकियां देश के कई हिस्सों से आई हैं और साइबर सेल इसे लेकर पूरी तरह सतर्क है.
धमकी मिलने के बाद ताजमहल के पूर्वी-पश्चिमी द्वारों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई. पर्यटकों को पेन जैसे छोटे सामान भी लेकर अंदर नहीं जाने दिया गया. सीसीटीवी कैमरों से पूरे परिसर की निगरानी की गई. सुरक्षा बलों ने मुख्य गुंबद, मस्जिद, बागान, चमेली फर्श, दालान हर जगह ध्यान से तलाशी ली, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली.
ताज सुरक्षा के एसीपी सैयद अरीब अहमद ने कहा कि पर्यटकों में डर न फैले इसलिए तलाशी अभियान को मॉक ड्रिल बताया गया है. फिलहाल ताजमहल पूरी तरह सुरक्षित है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां चौकन्नी हैं और किसी भी संभावित खतरे को रोकने के लिए तैयार हैं.
देश की विश्व धरोहर ताजमहल पर इस तरह की धमकी से सभी विभागों ने सुरक्षा व्यवस्था और भी कड़ी कर दी है. ऐसे हालात में यह जरूरी हो जाता है कि सुरक्षा एजेंसियां सतर्क रहें और फर्जी खतरे के बावजूद पर्यटकों को शांत और सुरक्षित माहौल दिया जाए. ताजमहल को लेकर इस तरह की धमकियों से देशवासियों और पर्यटकों की चिंता स्वाभाविक है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियों की तत्परता ने साबित कर दिया है कि देश की सुरक्षा में कोई समझौता नहीं किया जाएगा. First Updated : Sunday, 25 May 2025