Bihar News: बिहार के नवगछिया बाजार में एक व्यापारी की सरेआम हत्या ने न सिर्फ इलाके की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं बल्कि सियासत में भी हलचल मचा दी है. हत्या के बाद मौके पर पहुंचे सत्तारूढ़ दल के विधायक गोपाल मंडल के बयान ने आग में घी का काम किया. जातिगत टिप्पणी और प्रशासन पर गंभीर आरोपों के बाद यह मामला अब सिर्फ एक अपराध की घटना न रहकर एक बड़े राजनीतिक विवाद में बदल गया है.
रविवार रात नवगछिया बाजार में कारोबारी विनय गुप्ता की अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी. घटना के बाद व्यापारियों में आक्रोश फैल गया. उनका कहना था कि बाजार में पिछले दो-तीन साल से पुलिस गश्त बंद है, जिससे अपराधियों के हौसले बुलंद हो गए हैं. घटना की जानकारी मिलते ही गोपालपुर के JDU विधायक गोपाल मंडल मौके पर पहुंचे. उन्होंने इस हत्या को दुर्भाग्यपूर्ण बताया लेकिन साथ ही पूर्व एसपी पर बड़ा आरोप लगा दिया. उन्होंने कहा कि पूर्व एसपी अपराधियों के साथ शराब पीते थे और गलत गतिविधियों में शामिल थे. इसी वजह से अपराध बढ़ा.
सबसे ज्यादा विवाद तब खड़ा हुआ जब विधायक ने कुछ जातियों को लेकर टिप्पणी करते हुए कहा, 'कुछ जातियां ढीठ और अनुशासनहीन होती हैं.' इस बयान के बाद राजनीतिक घमासान शुरू हो गया. उन्होंने नगर पंचायत अध्यक्ष डब्लू यादव पर भी हमला बोला और उन्हें अपराधियों से मिलीभगत वाला बताया.
नगर पंचायत अध्यक्ष प्रेमसागर यादव ने विधायक पर आरोप लगाया कि वे इस दुख की घड़ी में राजनीति कर रहे हैं और जातीय सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास कर रहे हैं.
राजद नेता शैलेश यादव ने भी विधायक की आलोचना करते हुए कहा कि उन्हें पहले अपने आचरण की समीक्षा करनी चाहिए. उन्होंने कहा कि इस संवेदनशील मामले को भी विधायक चुनावी मुद्दा बना रहे हैं.
पूर्व सांसद अनिल यादव ने गोपाल मंडल के जातीय बयान की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि सत्ता के नशे में वह समाज को तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं. वहीं, पूर्व विधायक अमित राणा ने सरकार से मांग की है कि इस घटना की निष्पक्ष जांच हो और अपराधियों को सख्त सजा दी जाए. First Updated : Monday, 05 May 2025