नई दिल्ली : रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन गुरुवार देर रात भारत पहुंचे, जहाँ राजधानी दिल्ली में उनका भव्य स्वागत किया गया. पुतिन इस दौरे के दौरान कई महत्वपूर्ण कूटनीतिक कार्यक्रमों में शामिल होंगे. उनकी यात्रा को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को पूरे शहर में विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू की है. प्रशासन ने नागरिकों को सलाह दी है कि वे यथासंभव सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें और अपनी यात्रा पहले से योजना बनाकर करें, खासकर उन लोगों को जो हवाई अड्डे, रेलवे स्टेशन या आईएसबीटी की ओर जा रहे हों.
राजधानी के कई प्रमुख मार्गों पर आवाजाही सीमित
पुतिन के राजघाट, भारत मंडपम, हैदराबाद हाउस और राष्ट्रपति भवन जैसे स्थानों पर प्रस्तावित कार्यक्रमों को ध्यान में रखते हुए दिल्ली पुलिस ने मदर टेरेसा क्रीसेंट, तीन मूर्ति मार्ग, अकबर रोड, जनपथ और प्रगति मैदान सुरंग समेत कई महत्वपूर्ण मार्गों पर सख्त प्रतिबंध और रूट डाइवर्जन लागू किए हैं. इन क्षेत्रों में वाहनों की आवाजाही को सीमित करने के लिए पुलिस ने विस्तृत ट्रैफिक प्लान जारी किया है, ताकि सुरक्षा कड़ी बनी रहे और काफिले के मार्ग पर किसी प्रकार की भीड़भाड़ न हो.
कौन-कौन से मार्ग रहेंगे बंद?
ट्रैफिक एडवाइजरी के अनुसार, डब्ल्यू पॉइंट, ए पॉइंट, आईटीओ, दिल्ली गेट, जेएलएन मार्ग, राजघाट क्रॉसिंग, शांति वन, नेताजी सुभाष मार्ग, निषाद राज मार्ग, सलीमगढ़ फ्लाईओवर और एमजीएम प्रगति मैदान सुरंग से हनुमान सेतु तक कई क्षेत्रों में सुबह नौ से दोपहर 12 बजे तक यातायात बंद या सीमित रहेगा. इन मार्गों पर भारी भीड़ और देरी की संभावना को देखते हुए यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि वे वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करें.
पार्किंग नियमों में कड़ाई और उल्लंघन पर कार्रवाई
एडवाइजरी में साफ कहा गया है कि इस अवधि में बहादुर शाह जफर मार्ग, जवाहरलाल नेहरू मार्ग, रिंग रोड के कुछ हिस्सों और निषाद राज मार्ग जैसे क्षेत्रों में पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर बताया कि ऐसे वाहनों को तुरंत क्रेन द्वारा हटाया जाएगा और नियम तोड़ने वालों पर आवश्यक दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी. सुबह 10 बजे से 11:30 बजे तक मदर टेरेसा क्रेसेंट, तीन मूर्ति मार्ग, अकबर रोड और जनपथ पर किसी भी वाहन को खड़े होने की अनुमति नहीं होगी.
यात्रियों के लिए वैकल्पिक मार्ग और सुझाव
यातायात विभाग ने पृथ्वीराज रोड, डी.डी.यू. मार्ग, मौलाना आज़ाद रोड और आसफ़ अली रोड जैसे वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी है. पुलिस ने यह भी कहा है कि नागरिक पब्लिक ट्रांसपोर्ट को प्राथमिकता दें और यात्रा के दौरान समय का विशेष ध्यान रखें, क्योंकि किसी भी बदलाव का असर सीधे शहर के प्रमुख मार्गों पर पड़ेगा. विशेषकर एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और बस टर्मिनल जाने वालों को समय से पहले निकलने और ट्रैफिक अलर्ट पर नजर रखने की सलाह दी गई है.
First Updated : Friday, 05 December 2025