ग्रेटर नोएडा में नवविवाहिता की मौत से मचा हड़कंप, परिजनों ने लगाया दहेज हत्या का आरोप
ग्रेटर नोएडा के जलपुरा गांव में 24 वर्षीय दीपिका नागर की संदिग्ध मौत के बाद दहेज हत्या का मामला गरमा गया है. परिजनों ने ससुरालवालों पर फॉरच्यूनर और 50 लाख की मांग का आरोप लगाया है.

जलपुरा: ग्रेटर नोएडा के थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र स्थित जलपुरा गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध मौत ने इलाके में सनसनी फैला दी है. डेढ़ साल पहले शादी के बंधन में बंधी 24 वर्षीय दीपिका नागर की रविवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुरालवालों पर दहेज के लिए हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है.
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई और कार्रवाई करते हुए मृतका के पति और ससुर को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच में जुटी है. वहीं, मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
कब हुई थी शादी?
जानकारी के मुताबिक, कूड़ी खेड़ा गांव निवासी संजय नागर की बेटी दीपिका नागर की शादी करीब 14 महीने पहले जलपुरा गांव निवासी ऋतिक, पुत्र मनोज प्रधान के साथ हुई थी. परिवार का कहना है कि शादी बेहद धूमधाम से की गई थी और इसमें करीब एक करोड़ रुपये खर्च किए गए थे. इसके बावजूद ससुराल पक्ष की ओर से लगातार अतिरिक्त दहेज की मांग की जा रही थी. आरोप है कि दीपिका पर फॉरच्यूनर कार और 50 लाख रुपये लाने का दबाव बनाया जा रहा था. इसके लिए उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था.
परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
मृतका के परिजनों का दावा है कि दीपिका की बेरहमी से हत्या की गई. उनका आरोप है कि घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोग दीपिका को अस्पताल में छोड़कर फरार हो गए. जब परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे तो दीपिका मृत अवस्था में मिली. परिजनों का कहना है कि उसके शरीर पर कई चोटों के निशान थे, जिससे मामला आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या का लग रहा है.
अस्पताल और गांव में जुटी भीड़
घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और रिश्तेदार अस्पताल और गांव में पहुंच गए. परिवार के लोगों ने ससुराल पक्ष के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की. मृतका की मां और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. परिवार का कहना है कि दीपिका कई बार फोन पर अपने साथ हो रही प्रताड़ना की जानकारी दे चुकी थी, लेकिन रिश्तों और समाज की वजह से वह सब कुछ सहती रही.
पुलिस आत्महत्या की आशंका जता रही
वहीं, पुलिस की शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है. पुलिस के अनुसार, महिला ने कथित तौर पर दहेज उत्पीड़न से परेशान होकर छत से कूदकर आत्महत्या कर ली, जिससे उसकी मौत हो गई. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर दहेज हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है.
पति और ससुर गिरफ्तार, जांच जारी
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति ऋतिक और ससुर मनोज को गिरफ्तार कर लिया है. अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. जांच के दौरान पुलिस मृतका के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और परिवार के लोगों के बयान भी खंगाल रही है. साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि दीपिका को किस स्तर तक प्रताड़ित किया जा रहा था और घटना से पहले उसके साथ क्या हुआ था.


