तिरुवनंतपुरम: केरलम में ईडी की कार्रवाई को लेकर राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है. ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े एक मामले में पूर्व मुख्यमंत्री और मौजूदा विपक्ष के नेता पिनाराई विजयन के आवास पर तलाशी अभियान चलाया. इस कार्रवाई के बाद उनके समर्थकों में भारी नाराजगी देखने को मिली और कुछ स्थानों पर ईडी अधिकारियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन भी हुए. इस मामले में अब विजयन ने प्रतिक्रिया दी है.
पिनाराई विजयन ने कहा कि लंबे समय से एजेंसी उनके घर पर छापा मारने की कोशिश कर रही थी. विजयन ने आरोप लगाया कि इस तरह की कार्रवाई से कुछ राजनीतिक नेताओं को संतुष्टि मिलती है. उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी का नाम लेते हुए कहा कि राहुल गांधी पहले भी सवाल उठा चुके हैं कि उनके घर पर छापा क्यों नहीं डाला जा रहा और उन्हें गिरफ्तार क्यों नहीं किया गया.
विजयन ने केंद्र सरकार पर विपक्षी दलों को निशाना बनाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि देश में जांच एजेंसियों का इस्तेमाल राजनीतिक दबाव बनाने के लिए किया जा रहा है. उनके मुताबिक, भाजपा सरकार लगातार विपक्षी नेताओं के खिलाफ केंद्रीय एजेंसियों का उपयोग कर रही है और इसके खिलाफ देशभर में कई बार विरोध प्रदर्शन भी हुए हैं. उन्होंने कांग्रेस पर भी कटाक्ष करते हुए कहा कि वह केवल अपने नेताओं के खिलाफ कार्रवाई का विरोध करती है, जबकि अन्य दलों के नेताओं पर ईडी की जांच जारी रहने देना चाहती है.
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसी कार्रवाइयों से उनकी पार्टी या राजनीतिक संघर्ष खत्म नहीं होगा. उन्होंने समर्थकों का आभार जताते हुए कहा कि जब भी विरोधियों ने उन्हें कमजोर करने की कोशिश की, पार्टी कार्यकर्ता मजबूती से उनके साथ खड़े रहे. उन्होंने इसे संघर्ष की नई शुरुआत बताते हुए कहा कि विरोधियों को यह नहीं सोचना चाहिए कि दबाव बनाकर उन्हें खत्म किया जा सकता है.
यह पूरा मामला कोचीन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड (सीएमआरएल) से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं के केस से जुड़ा है. ईडी ने इस मामले में विजयन की बेटी वीणा विजयन और कंपनी से जुड़े कई लोगों के ठिकानों पर भी छापेमारी की है. जांच एजेंसियों के अनुसार, कंपनी पर करोड़ों रुपये के फर्जी खर्च दिखाने और वित्तीय गड़बड़ियों के आरोप हैं. यह मामला पहले आयकर विभाग की जांच में सामने आया था, जिसके बाद इसे गंभीर धोखाधड़ी जांच कार्यालय (एसएफआईओ) को सौंपा गया था. First Updated : Wednesday, 27 May 2026