मुंबई के बांद्रा में अतिक्रमण की जमीन पर मस्जिद को गिराने के दौरान हिंसा, पत्थरबाजी में कई पुलिसकर्मी हुए घायल

मुंबई के बांद्रा में रेलवे की जमीन पर अतिक्रमण हटाने के दौरान विरोध प्रदर्शन हिंसक हो गया, जहां प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच पत्थरबाजी में कई पुलिसकर्मी घायल हुए. घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी की कार्रवाई शुरू कर दी गई है.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

मुंबई: बांद्रा इलाके में रेलवे की जमीन पर बने कथित अवैध ढांचे को हटाने के दौरान बुधवार को तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई. अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बीच कुछ लोगों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया, जो बाद में हिंसक झड़प में बदल गया. प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच टकराव के दौरान पत्थरबाजी हुई, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए. हालात बिगड़ते देख पुलिस को भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा.

लोगों ने कार्रवाई का किया विरोध 

अधिकारियों के मुताबिक, रेलवे प्रशासन की ओर से इलाके में अवैध कब्जों को हटाने के लिए अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान करीब 50 से 60 लोग मौके पर पहुंच गए और कार्रवाई का विरोध करने लगे. पुलिस ने पहले लोगों को समझाने और स्थिति शांत कराने की कोशिश की, लेकिन माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया. आरोप है कि भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने सुरक्षाबलों पर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए, जिसके बाद पुलिस ने सख्ती दिखाई.

घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है. कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एक हजार से ज्यादा पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. पुलिस अब हिंसा में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है. अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज, स्थानीय खुफिया जानकारी और फेस रिकग्निशन तकनीक की मदद से कई संदिग्धों की पहचान की जा चुकी है.

जांच के दौरान घटनास्थल से बड़ी मात्रा में पत्थर और जूते-चप्पल भी बरामद हुए हैं. पुलिस का मानना है कि कुछ लोग पहले से टकराव की तैयारी के साथ मौके पर पहुंचे थे. इसके बाद पुलिस टीमों ने आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है. खबरों के अनुसार, संदिग्धों की तलाश में घर-घर जाकर पूछताछ की जा रही है और कई लोगों को हिरासत में भी लिया गया है.

फिलहाल इलाके में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन एहतियात के तौर पर भारी पुलिस बल तैनात रखा गया है. अधिकारियों का कहना है कि किसी भी तरह की अफवाह या तनाव फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.

दरअसल, बॉम्बे हाई कोर्ट के निर्देश के बाद पश्चिम रेलवे ने बांद्रा रेलवे स्टेशन के पास अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू किया है. इस अभियान के तहत रेलवे की जमीन पर बनी करीब 500 अवैध झोपड़ियों को हटाया जा रहा है. अधिकारियों के अनुसार अब तक लगभग 18 प्रतिशत अतिक्रमण हटाया जा चुका है.

रेलवे प्रशासन का क्या कहना है? 

रेलवे प्रशासन का कहना है कि यह पांच दिन का विशेष अभियान है, जिसका उद्देश्य करीब 5,300 वर्ग मीटर जमीन खाली कराना है. इस जमीन का इस्तेमाल भविष्य में बांद्रा टर्मिनस के विस्तार और नई सुविधाओं के विकास के लिए किया जाएगा. प्रस्तावित परियोजना में एलिवेटेड रोड, अतिरिक्त प्लेटफॉर्म, बहुमंजिला इमारतें और नई रखरखाव सुविधाएं शामिल हैं. रेलवे, स्थानीय प्रशासन और पुलिस संयुक्त रूप से इस अभियान को अंजाम दे रहे हैं ताकि कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनी रहे.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो