घर में कलह या कुछ और? फरीदाबाद में ऊंची इमारत से कूदकर महिला ने क्यों दी जान?
फरीदाबाद की एक सोसायटी में रिचा गोयल नामक महिला ने 13वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई. प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद कारण माना जा रहा है, जबकि पुलिस मामले की जांच कर रही है.

फरीदाबाद के सेक्टर-88 स्थित एक रिहायशी सोसायटी में एक महिला ने ऊंची इमारत से कूदकर अपनी जान दे दी. मृतका की पहचान रिचा गोयल के रूप में हुई है, जो सी-4 टावर में अपने परिवार के साथ रह रही थी. घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया और सोसायटी के लोगों में दहशत का माहौल पैदा हो गया है.
घटना से पहले नहीं लगा कुछ असामान्य
बताया जा रहा है कि रिचा गोयल लिफ्ट के जरिए सी-1 टावर की 13वीं मंजिल तक पहुंची थी. उस दौरान ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड ने उन्हें जाते हुए देखा, लेकिन उनके व्यवहार में कुछ भी असामान्य नहीं लगा, जिससे किसी तरह का शक पैदा नहीं हुआ. कुछ ही देर बाद महिला ने ऊंचाई से छलांग लगा दी. गिरने के कारण उन्हें गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई.
घटना के समय महिला का पति घर पर मौजूद नहीं था. जानकारी के अनुसार, उनके पति राहुल गोयल एक निजी कंपनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं और उस समय अपने पैतृक गांव आगरा गए हुए थे. जैसे ही उन्हें इस दुखद घटना की सूचना मिली, वह तुरंत फरीदाबाद के लिए रवाना हो गए.
प्रारंभिक जांच में क्या संकेत मिले?
प्रारंभिक जांच में यह संकेत मिले हैं कि महिला पिछले कुछ समय से घरेलू समस्याओं से जूझ रही थी. हालांकि, इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके.
इस घटना के बाद सोसायटी के लोगों में शोक और चिंता का माहौल है. लोग इस बात को लेकर भी हैरान हैं कि इतनी बड़ी घटना होने से पहले किसी को कोई अंदेशा क्यों नहीं हुआ. पुलिस का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और जल्द ही स्थिति स्पष्ट हो जाएगी.


