कमरे में आप जहां, हवा वहां! Dyson का Find+Follow Purifier Cool हुआ लॉन्च, आपके पीछे-पीछे चलेगी ठंडी हवा
Dyson का नया AI डिवाइस सिर्फ हवा साफ नहीं करता, बल्कि आपकी लोकेशन पहचानकर उसी दिशा में कूलिंग देता है. इसमें कई स्मार्ट फीचर्स हैं, लेकिन सबसे खास बात जानने के लिए पूरी खबर पढ़ें.

टेक दुनिया में एक और बड़ा इनोवेशन सामने आया है, जिसने स्मार्ट होम डिवाइसेज़ को एक नई दिशा देने की तैयारी कर ली है. Dyson ने अपना नया AI-आधारित डिवाइस Dyson Find+Follow Purifier Cool ग्लोबल मार्केट में पेश किया है. यह सिर्फ एक साधारण एयर प्यूरीफायर या पंखा नहीं है, बल्कि ऐसा स्मार्ट डिवाइस है जो आपकी मौजूदगी को समझकर उसी दिशा में हवा भेजता है. कंपनी ने साफ कर दिया है कि यह भारत में भी लॉन्च होगा, हालांकि इसकी कीमत और उपलब्धता को लेकर अभी जानकारी सामने नहीं आई है.
इस डिवाइस की सबसे बड़ी ताकत इसका एडवांस्ड एयर प्यूरीफिकेशन सिस्टम है. इसमें K-Carbon और HEPA फिल्टर का इस्तेमाल किया गया है, जो हवा में मौजूद धूल, एलर्जी पैदा करने वाले कण और जहरीली गैसों को हटाने में मदद करता है.
AI तकनीक से बदलेगा एयरफ्लो
इस डिवाइस की सबसे खास बात इसका AI बेस्ड “Find+Follow” फीचर है. इसमें लगा स्मार्ट विज़न सिस्टम कमरे में मौजूद व्यक्ति को पहचानता है और उसकी हरकतों को ट्रैक करता है. 17 पॉइंट डिटेक्शन सिस्टम की मदद से यह समझ पाता है कि आप कमरे में कहां हैं और उसी दिशा में हवा भेजता है. यानी अगर आप एक जगह से दूसरी जगह जाते हैं, तो हवा भी आपके साथ-साथ मूव करती रहती है. और अगर आप कमरे से बाहर निकल जाते हैं, तो यह अपने आप बंद हो जाता है, जिससे बिजली की बचत भी होती है.
यह डिवाइस सिर्फ एक व्यक्ति तक सीमित नहीं है. यह एक साथ कई लोगों को पहचान सकता है और जरूरत के हिसाब से अलग-अलग दिशा में हवा पहुंचा सकता है. इससे पूरे कमरे में बेहतर कूलिंग और प्यूरीफिकेशन मिलता है. रात के समय के लिए इसमें खास नाइट मोड दिया गया है. इस मोड में डिवाइस कम आवाज में काम करता है और इसकी स्क्रीन की रोशनी भी धीमी हो जाती है, जिससे नींद में कोई परेशानी नहीं होती.
प्राइवेसी को लेकर कंपनी का दावा
AI और ट्रैकिंग फीचर होने के कारण प्राइवेसी को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है. लेकिन कंपनी का कहना है कि यह डिवाइस कोई फोटो या वीडियो सेव नहीं करता. सारी प्रोसेसिंग डिवाइस के अंदर ही होती है और डेटा तुरंत डिलीट कर दिया जाता है, जिससे यूजर की प्राइवेसी सुरक्षित रहती है.


