Meta करने जा रहा है 8 हजार कर्मचारियों की छंटनी, AI पर दांव क्यों लगा रहे जकरबर्ग?

Meta ने हजारों कर्मचारियों की छंटनी का ऐलान किया है और नई भर्तियों पर भी रोक लगा दी है. मेटा ने पुष्टि की है कि वह अपने वैश्विक वर्कफोर्स में करीब 10 प्रतिशत की कटौती करेगी, जिससे लगभग 8,000 कर्मचारियों की नौकरी प्रभावित होगी.

Shraddha Mishra

दुनिया की दिग्गज टेक कंपनी मेटा एक बार फिर बड़े बदलाव की ओर बढ़ रही है. लंबे समय से चल रही अटकलों के बाद अब कंपनी ने आधिकारिक तौर पर यह साफ कर दिया है कि वह अपने हजारों कर्मचारियों की छंटनी करने जा रही है. इस फैसले ने टेक इंडस्ट्री में हलचल मचा दी है, खासकर ऐसे समय में जब कंपनी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर भारी निवेश कर रही है. मेटा ने पुष्टि की है कि वह अपने वैश्विक वर्कफोर्स में करीब 10 प्रतिशत की कटौती करेगी, जिससे लगभग 8,000 कर्मचारियों की नौकरी प्रभावित होगी. इस फैसले की जानकारी कंपनी ने अपने कर्मचारियों को एक आंतरिक मेमो के जरिए दी.

ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, यह मेमो मेटा की चीफ ह्यूमन रिसोर्स ऑफिसर जेनेल गेल द्वारा भेजा गया था. उन्होंने बताया कि कंपनी में बड़े स्तर पर बदलाव किए जा रहे हैं, जिसके तहत 20 मई को छंटनी की प्रक्रिया शुरू होगी. जेनेल ने अपने संदेश में यह भी कहा कि कंपनी आमतौर पर इस तरह की जानकारी तब साझा करती है जब सभी विवरण पूरी तरह तैयार हो जाते हैं, लेकिन इस बार जानकारी पहले ही बाहर आ चुकी थी, इसलिए कर्मचारियों को समय रहते अवगत कराना जरूरी था.

टेक कंपनियों में छंटनी का बढ़ता ट्रेंड

मेटा का यह कदम अकेला नहीं है. हाल के महीनों में कई बड़ी टेक कंपनियां जैसे ओरेकल, अमेज़न और माइक्रोसॉफ्ट भी हजारों कर्मचारियों को नौकरी से निकाल चुकी हैं. इन कंपनियों का फोकस अब तेजी से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की ओर बढ़ रहा है, जिसके कारण पारंपरिक भूमिकाओं में कटौती की जा रही है.

सिर्फ छंटनी ही नहीं, भर्तियां भी रुकीं

मेटा ने यह भी स्पष्ट किया है कि वह केवल कर्मचारियों की संख्या कम ही नहीं कर रही, बल्कि नई भर्तियों पर भी रोक लगा रही है. करीब 6,000 ऐसे पद, जिन्हें पहले भरने की योजना थी, अब फिलहाल खाली ही रहेंगे. इसका मतलब है कि कंपनी अपने खर्चों को कम करने और संसाधनों का बेहतर उपयोग करने पर ध्यान दे रही है.

आगे और छंटनी की संभावना

रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह छंटनी सिर्फ एक चरण तक सीमित नहीं रह सकती. अनुमान लगाया जा रहा है कि कंपनी आगे चलकर और 8,000 कर्मचारियों को निकाल सकती है. अगर ऐसा होता है, तो कुल मिलाकर मेटा के लगभग 20 प्रतिशत कर्मचारी प्रभावित हो सकते हैं. यह कंपनी के लिए एक बड़ा संरचनात्मक बदलाव होगा.

पहले भी हो चुकी है छंटनी

यह पहली बार नहीं है जब मेटा ने इस तरह का कदम उठाया है. इससे पहले भी कंपनी ने करीब 700 कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया था. इनमें रियलिटी लैब्स डिवीजन के कर्मचारी भी शामिल थे, जो मेटावर्स प्रोजेक्ट पर काम कर रहे थे. मेटा के इस फैसले के पीछे मुख्य कारण लागत में कटौती और भविष्य की योजनाओं के लिए निवेश बढ़ाना है.

जेनेल गेल ने अपने मेमो में कहा कि कंपनी अपने संचालन को अधिक प्रभावी बनाना चाहती है और अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में निवेश के लिए संसाधन बचाना जरूरी है. हालांकि उन्होंने सीधे तौर पर नहीं बताया, लेकिन माना जा रहा है कि यह निवेश मुख्य रूप से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़ा होगा.

एआई पर बढ़ता फोकस

रिपोर्ट्स के अनुसार, मेटा एआई इंफ्रास्ट्रक्चर पर भारी रकम खर्च कर रही है. कंपनी नई तकनीकों को विकसित करने और अपने प्लेटफॉर्म को बेहतर बनाने के लिए एआई को केंद्र में रख रही है. इतना ही नहीं, कंपनी ने एआई को ट्रेन करने के लिए कर्मचारियों के काम करने के तरीके, जैसे माउस मूवमेंट और कीबोर्ड गतिविधियों को ट्रैक करना भी शुरू किया है. हालांकि इस कदम का कर्मचारियों ने विरोध भी किया है. मेटा के सीईओ मार्क ज़करबर्ग पहले ही कह चुके हैं कि आने वाले समय में एआई कार्यस्थल को पूरी तरह बदल देगा. उनके अनुसार, 2026 तक एआई काम करने के तरीके में बड़ा बदलाव ला सकता है.

कर्मचारियों के लिए मुआवजा पैकेज

छंटनी से प्रभावित कर्मचारियों के लिए कंपनी ने मुआवजे का भी ऐलान किया है. अमेरिका में काम कर रहे कर्मचारियों को 16 सप्ताह का बेसिक वेतन दिया जाएगा. इसके अलावा, हर साल की सेवा के लिए दो सप्ताह का अतिरिक्त भुगतान भी किया जाएगा. मेटा ने यह भी कहा है कि वह अमेरिका में अपने कर्मचारियों और उनके परिवारों के स्वास्थ्य खर्च को 18 महीने तक कवर करेगी.

अमेरिका के बाहर काम करने वाले कर्मचारियों के लिए भी कंपनी ने मुआवजा पैकेज तय किया है. हालांकि यह पैकेज अलग-अलग देशों के नियमों और परिस्थितियों के अनुसार अलग हो सकता है. इसके साथ ही, मेटा प्रभावित कर्मचारियों को नई नौकरी ढूंढने में मदद के लिए करियर सपोर्ट भी प्रदान करेगी.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो