'मम्मी की नाइटी' बनी Gen Z लड़कों का नया फैशन ट्रेंड, सोशल मीडिया पर छाया अनोखा स्टाइल
एक समय था जब मैक्सी या नाइटी सिर्फ घर के अंदर पहने जाने वाले आरामदायक कपड़े माने जाते थे. लेकिन अब यही साधारण सी नाइटी सोशल मीडिया पर एक नए और अनोखे फैशन ट्रेंड के रूप में सामने आ रही है, जिसे जेन जी लड़के खूब पसंद कर रहे हैं.

नई दिल्ली: एक समय था जब मैक्सी या नाइटी सिर्फ घर के अंदर पहने जाने वाले आरामदायक कपड़े माने जाते थे. वहीं इन्हें आमतौर पर मां, दादी-नानी और घर के काम करते समय पहले वाला कपड़े कहा जाता था. लेकिन अब यही साधारण सी नाइटी सोशल मीडिया पर एक नए और अनोखे फैशन ट्रेंड के रूप में सामने आ रही है. दिलचस्प बात यह है कि इस ट्रेंड को आगे बढ़ाने में बड़ी भूमिका जनरेशन Z, खासकर लड़कों की नजर आ रही है.
लड़कों ने सेट किया नया फैशन ट्रेंड
आजकल इंस्टाग्राम और यूट्यूब जैसे प्लेटफॉर्म्स पर कई वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिनमें यंग जनरेशन के लड़के रंग-बिरंगी मैक्सी और नाइटी पहनकर घूमते, बाइक चलाते और अपने डेली लाइफ के पलों को रिकॉर्ड करते नजर आ रहे हैं. शुरुआत में लोग इसे मजाक के तौर पर देख रहे थे, लेकिन अब यह धीरे-धीरे एक फैशन स्टाइल बनता जा रहा है.
गर्मियों के लिए सबसे अच्छा
इन वीडियो पर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं और इसे एक मजेदार ट्रेंड बताते हुए नजर आ रहे है. इसके साथ ही कुछ इसे गर्मियों के लिए सबसे आरामदायक पहनावा मान रहे हैं. सच भी यही है कि ढीले और सूती कपड़े गर्मी और उमस में काफी राहत देते हैं. यही वजह है कि जो कपड़ा पहले सिर्फ घर तक सीमित था, अब बाहर भी पहना जाने लगा है.
कब पहनना शुरू हुआ नाइटी
बता दें, मैक्सी और नाइटी की कहानी भी काफी दिलचस्प है. यह पहनावा मूल रूप से पश्चिमी देशों से भारत आया था, लेकिन समय के साथ यह यहां की जरूरतों और मौसम के हिसाब से ढल गया. भारतीय महिलाओं ने इसे अपनाकर अपनी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बना लिया. खासकर केरल और दक्षिण भारत में यह बेहद पॉपुलर हो गया.
कंफर्टेबल स्टाइलिंग
फैशन एक्सपर्ट्स का कहना है आज की युवा पीढ़ी सिर्फ स्टाइल नहीं बल्कि आराम को भी उतनी ही अहमियत देती है. ओवरसाइज कपड़े, लाउंजवियर और आरामदायक फैशन पहले से ही ट्रेंड में हैं. ऐसे में नाइटी का दोबारा चर्चा में आना कोई बड़ी बात नहीं है. कुल मिलाकर, यह ट्रेंड दिखाता है कि फैशन समय के साथ बदलता रहता है और कई बार जो चीजें पुरानी या साधारण मानी जाती हैं, वही अचानक नए अंदाज में वापसी कर लेती हैं.


