नई दिल्ली: आधार कार्ड धारकों के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है. 1 जुलाई 2026 से आधार ऐप में एक नया फीचर जोड़ा जा रहा है, जिसकी मदद से यूजर्स अपने आधार से जुड़े ईमेल एड्रेस को मुफ्त में अपडेट कर सकेंगे. आमतौर पर इस सेवा के लिए शुल्क देना पड़ता है, लेकिन अगले छह महीने तक यह सुविधा बिना किसी फीस के उपलब्ध रहेगी.
नई व्यवस्था के तहत 1 जुलाई 2026 से 31 दिसंबर 2026 तक आधार ऐप के जरिए ईमेल एड्रेस अपडेट करने पर कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा. यह सुविधा सीमित समय के लिए शुरू की जा रही है ताकि अधिक से अधिक लोग अपने आधार रिकॉर्ड को अपडेट कर सकें.
हालांकि यह छूट केवल आधार ऐप के माध्यम से किए गए अपडेट पर ही लागू होगी. यदि कोई व्यक्ति वेबसाइट या आधार सेवा केंद्र के जरिए ईमेल अपडेट करता है, तो उसे सामान्य शुल्क का भुगतान करना होगा.
आधार से जुड़ा ईमेल एड्रेस कई महत्वपूर्ण सेवाओं के लिए उपयोगी होता है. इसके जरिए यूजर्स को आधार से संबंधित अपडेट, नोटिफिकेशन और सुरक्षा संबंधी जानकारी समय पर मिलती रहती है.
कई ऑनलाइन प्रक्रियाओं में ईमेल पर भेजे गए ओटीपी की भी जरूरत पड़ सकती है. ऐसे में जिन लोगों का ईमेल आधार से लिंक नहीं है या जिन्होंने हाल ही में अपना ईमेल बदला है, वे इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं.
इस सुविधा का उपयोग करने के लिए स्मार्टफोन और इंटरनेट कनेक्शन होना जरूरी है. एंड्रॉयड यूजर्स के फोन में एंड्रॉयड 9.0 या उससे ऊपर का वर्जन होना चाहिए, जबकि आईफोन यूजर्स के लिए iOS 16 या उससे नया वर्जन आवश्यक होगा.
यूजर आधार ऐप या संबंधित ऑनलाइन सेवा पर जाकर ईमेल वेरिफिकेशन विकल्प चुन सकते हैं. वहां आधार नंबर और मोबाइल नंबर दर्ज करने के बाद यह जानकारी मिल जाएगी कि कौन-सा ईमेल एड्रेस आधार से जुड़ा हुआ है.
आधार ऐप के जरिए मोबाइल नंबर अपडेट, पता बदलना, बायोमेट्रिक लॉक या अनलॉक करना, ई-आधार डाउनलोड करना और आवेदन की स्थिति ट्रैक करना जैसी कई सुविधाएं पहले से उपलब्ध हैं. हालांकि नाम, पता और अन्य व्यक्तिगत जानकारी अपडेट करने के लिए निर्धारित शुल्क पहले की तरह लागू रहेगा. First Updated : Wednesday, 24 June 2026