8 सितंबर के बाद इन फोन में बंद हो जाएगा WhatsApp, तुरंत चेक करें अपना डिवाइस!

WhatsApp 8 सितंबर 2026 से Android 6.0 से पुराने वर्जन पर काम करना बंद कर देगा. पुराने Android (5.0/5.1) यूजर्स को फोन अपडेट करना होगा या नया डिवाइस लेना पड़ेगा, वरना ऐप इस्तेमाल नहीं कर पाएंगे.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

अगर आप एंड्रॉयड स्मार्टफोन का इस्तेमाल करते हैं तो यह खबर आपके लिए बेहद अहम है. इंस्टेंट मैसेजिंग प्लेटफॉर्म WhatsApp ने अपने सिस्टम रिक्वायरमेंट्स में बड़ा बदलाव करने का फैसला किया है. कंपनी ने साफ कर दिया है कि 8 सितंबर 2026 से Android 6.0 से पुराने वर्जन पर ऐप का सपोर्ट पूरी तरह खत्म कर दिया जाएगा.

फोन अपडेट या लेना होगा नया डिवाइस

सरल भाषा में समझें तो जिन यूजर्स के फोन अभी भी Android 5.0 या 5.1 पर चल रहे हैं. उनके डिवाइस में इस तारीख के बाद WhatsApp काम नहीं करेगा. ऐसे में लाखों यूजर्स को या तो अपना फोन अपडेट करना होगा या नया डिवाइस लेना पड़ेगा.

दरअसल, WhatsApp लगातार अपने प्लेटफॉर्म पर नए फीचर्स जोड़ रहा है और ऐप की परफॉर्मेंस को बेहतर बनाने के लिए समय-समय पर अपडेट भी जारी करता रहता है. लेकिन पुराने एंड्रॉयड वर्जन और सीमित हार्डवेयर क्षमता वाले फोन इन नए फीचर्स को सही तरीके से सपोर्ट नहीं कर पाते. यही वजह है कि कंपनी ने पुराने वर्जन का सपोर्ट बंद करने का निर्णय लिया है, ताकि यूजर्स को बेहतर और सुरक्षित अनुभव मिल सके.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत, ब्राजील, पाकिस्तान समेत कई एशियाई और अफ्रीकी देशों में अभी भी बड़ी संख्या में लोग पुराने एंड्रॉयड स्मार्टफोन्स का इस्तेमाल कर रहे हैं. ऐसे में इस बदलाव का असर करोड़ों यूजर्स पर पड़ सकता है. खासकर उन लोगों पर जो लंबे समय से अपने फोन को अपडेट नहीं कर पाए हैं.

WhatsApp की चेतावनी 

इस बीच, WhatsApp ने प्रभावित यूजर्स को पहले से चेतावनी देना भी शुरू कर दिया है. ऐप खोलते ही कई यूजर्स को नोटिफिकेशन मिल रहा है, जिसमें बताया जा रहा है कि 8 सितंबर 2026 के बाद उनके डिवाइस पर यह सेवा उपलब्ध नहीं रहेगी.

हालांकि, जिन यूजर्स के स्मार्टफोन में Android 6.0 या उससे नया वर्जन इंस्टॉल है, उन्हें चिंता करने की जरूरत नहीं है. उनके फोन में WhatsApp पहले की तरह ही चलता रहेगा. साथ ही, iPhone और iPad यूजर्स पर इस फैसले का कोई असर नहीं पड़ेगा.

ऐसे में अगर आपका फोन अभी पुराने एंड्रॉयड वर्जन पर चल रहा है, तो तुरंत सिस्टम अपडेट चेक करें. अगर अपडेट उपलब्ध नहीं है तो नया स्मार्टफोन लेना ही एकमात्र विकल्प होगा. साथ ही, अपनी जरूरी चैट्स का बैकअप अभी से ले लें, ताकि भविष्य में आपका डेटा सुरक्षित बना रहे.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो