मुंबई: मुंबई में लगातार हो रही भारी बारिश और जलभराव ने जहां आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं, वहीं इसका असर सड़कों पर रहने वाले बेजुबान जानवरों पर भी साफ दिखाई दे रहा है. ऐसे हालात में एक पशु प्रेमी का संवेदनशील कदम सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत रहा है. बता दें, बारिश के बीच एक आवारा कुत्ते को खाना खिलाने का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग उसकी जमकर सराहना कर रहे हैं.
मुंबई के पशु रक्षक और एनिमल फीडर हेत वोरा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है. वीडियो में वह बारिश और जलभराव से प्रभावित एक इमारत के भीतर जाते हुए नजर आते हैं. उनके हाथ में खाने से भरा कटोरा होता है और वह पानी से भरे रास्ते से गुजरते हुए उस स्थान तक पहुंचते हैं, जहां एक आवारा कुत्ता सीढ़ियों के पास सहमा हुआ बैठा दिखाई देता है.
बताया जा रहा है कि तेज बारिश और जलभराव के कारण यह कुत्ता बाहर निकलने के बजाय इमारत के अंदर शरण लेने को मजबूर था. जैसे ही हेत वोरा उसके पास भोजन लेकर पहुंचे और उसे खाने का इशारा किया, कुत्ता तुरंत खड़ा हो गया. उसकी पूंछ खुशी से हिलने लगी और वह उत्साह के साथ खाने का इंतजार करने लगा. यह भावुक पल कैमरे में कैद हो गया, जिसने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया.
वीडियो साझा करते हुए हेत वोरा ने लिखा कि लगातार बारिश और पानी भरने की वजह से कई आवारा जानवर सुरक्षित जगहों पर छिपे हुए हैं और उन्हें भोजन मिलना भी मुश्किल हो गया है. ऐसे समय में उनकी मदद करना बेहद जरूरी है.
बता दें, वीडियो के सामने के बाद से इसे अब तक एक मिलियन से ज्यादा लोग देख चुके हैं. इसके साथ ही कयी यूजर्स इस पर जमकर रिएक्ट भी के रहे हैं. इस दौरान कुछ लोगों ने इसे इंसानियत की सच्ची मिसाल बताया, जबकि कई ने कहा कि ऐसे छोटे-छोटे प्रयास समाज में दया और संवेदनशीलता का संदेश देते हैं. यही वजह है कि सोशल मीडिया पर इस वीडियो में जमकर सरहाना की जा रही है. First Updated : Saturday, 11 July 2026