तेंदुलकर फैमिली का 'फ्लाइंग क्रिकेट', बहू सानिया की गेंद पर आउट हुए सचिन, सारा ने लपका कैच
सचिन तेंदुलकर ने सोशल मीडिया पर एक बेहद दिलचस्प वीडियो साझा किया है. जिसमें वह जमीन से हजारों फीट ऊपर, एक निजी हवाई जहाज के अंदर अपनी बेटी सारा तेंदुलकर और बहू सानिया चंडोक के साथ अनोखा क्रिकेट मैच खेलते नजर आ रहे हैं.

नई दिल्ली: क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर का खेल के प्रति जुनून आज भी पहले जैसा ही है. 16 साल की उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखने वाले और 40 की उम्र तक पिच पर राज करने वाले मास्टर ब्लास्टर भले ही अब प्रोफेशनल क्रिकेट से दूर हैं. लेकिन बल्ला थामने का उनका जज्बा आज भी युवा खिलाड़ियों को मात देता है.
वीडियो वायरल
हाल ही में 53 वर्षीय सचिन तेंदुलकर ने सोशल मीडिया पर एक बेहद दिलचस्प वीडियो साझा किया है. जिसमें वह जमीन से हजारों फीट ऊपर, एक निजी हवाई जहाज के अंदर अपनी बेटी सारा तेंदुलकर और बहू सानिया चंडोक के साथ अनोखा क्रिकेट मैच खेलते नजर आ रहे हैं. यह वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है.
Altitude jo bhi ho, attitude change nahi hona chahiye. 😄 pic.twitter.com/TPbsNUe2Op
— Sachin Tendulkar (@sachin_rt) June 12, 2026
एटीट्यूड नहीं बदलना चाहिए
सचिन तेंदुलकर ने इस वीडियो को एक खास संदेश के साथ पोस्ट किया है, जिसमें उन्होंने लिखा है, एल्टीट्यूड जो भी हो, एटीट्यूड नहीं बदलना चाहिए. विमान के संकरे रास्ते को पिच बनाया गया और मैच की शुरुआत में सारा तेंदुलकर अपने पिता के खिलाफ जोरदार तरीके से आउट की अपील करती हैं.
सारा और सानिया की जुगलबंदी ने किया कमाल
इस मजेदार मुकाबले में आखिरकार सारा तेंदुलकर और सानिया चंडोक की जुगलबंदी रंग लाई. पहली गेंद पर असफल रहने के बाद, अगली गेंद पर सारा ने एक बेहतरीन कैच लपककर अपने पिता को पवेलियन का रास्ता दिखा दिया. यह पारिवारिक नोक-झोंक और खेल भावना फैंस को बेहद पसंद आ रही है. वर्तमान में सचिन तेंदुलकर संन्यास ले चुके हैं, लेकिन वह समय-समय पर विभिन्न चैरिटी और लीजेंड्स लीग्स में अपनी बल्लेबाजी का जौहर दिखाते रहते हैं.
मैदान पर अर्जुन तेंदुलकर का शानदार प्रदर्शन
उनके बेटे अर्जुन तेंदुलकर घरेलू क्रिकेट और टी20 फॉर्मेट में अपनी गेंदबाजी व बल्लेबाजी से लगातार सुर्खियां बटोर रहे हैं. अर्जुन ने हालिया मैच में शानदार गेंदबाजी के साथ-साथ अपने टी20 करियर का पहला अर्धशतक भी जड़ा, जिसके लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' के पुरस्कार से नवाजा गया.
अर्जुन का बेहतरीन फॉर्म
अर्जुन तेंदुलकर हाल ही में 5 मार्च 2026 को अपनी बचपन की दोस्त और जानी-मानी युवा उद्यमी सानिया चंडोक के साथ विवाह बंधन में बंधे हैं. खेल प्रेमी अब उम्मीद कर रहे हैं कि बेहतरीन फॉर्म में चल रहे अर्जुन को आगामी बड़े टूर्नामेंट्स में अधिक मौके मिलेंगे.


