ग्लैमर की चमक के पीछे छिपा था करोड़ों का काला खेल! बैंकॉक से लौटी मॉडल के बैग में मिला 11.82 करोड़ का गांजा
बैंकॉक से मुंबई लौटी एक मॉडल को एयरपोर्ट पर 11.824 किलो हाइड्रोपोनिक गांजे के साथ गिरफ्तार किया गया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 11.82 करोड़ रुपये बताई जा रही है.

मुंबई: राजधानी मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कस्टम विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए बैंकॉक से लौटी एक महिला मॉडल को करोड़ों रुपये के ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया है. जांच में सामने आया कि महिला के ट्रॉली बैग से भारी मात्रा में हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद हुआ, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 11 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है.
संदिग्ध गतिविधि से खुला मामला
जानकारी के अनुसार, 28 वर्षीय महिला बैंकॉक से मुंबई पहुंची थी. एयरपोर्ट पर उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर एयर इंटेलिजेंस यूनिट (AIU) और कस्टम अधिकारियों ने उसे रोककर पूछताछ की. इसके बाद उसके सामान की गहन जांच की गई. तलाशी के दौरान ट्रॉली बैग में 12 वैक्यूम-सील प्लास्टिक पैकेट मिले. अधिकारियों ने जब इन पैकेटों की जांच की तो उनमें नशीला पदार्थ होने का पता चला.
11 किलो से ज्यादा हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद
कस्टम विभाग के अनुसार, बरामद किए गए पैकेटों में कुल 11.824 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा था. एनडीपीएस टेस्ट किट से जांच के बाद इसकी पुष्टि हुई. यह एक उच्च गुणवत्ता वाला नशीला पदार्थ माना जाता है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में काफी मांग रहती है. अधिकारियों का कहना है कि जब्त किए गए ड्रग्स की अनुमानित कीमत करीब 11.82 करोड़ रुपये है.
ब्यूटी पेजेंट से जुड़ा है नाम
गिरफ्तार महिला की पहचान हर्षा सनी के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि वह वर्ष 2025 में आयोजित 'मिसेस केरल' ब्यूटी पेजेंट की प्रतिभागी रह चुकी है. इसके अलावा वह एक निजी कंपनी में रिलेशनशिप मैनेजर के पद पर भी कार्य कर चुकी है. इस खुलासे के बाद ग्लैमर जगत और ड्रग्स तस्करी के संभावित संबंधों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं.
कोर्ट ने भेजा न्यायिक हिरासत में
कस्टम विभाग ने महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है. गिरफ्तारी के बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. फिलहाल जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि ड्रग्स की यह खेप किसके लिए लाई गई थी और इसके पीछे कोई बड़ा तस्करी नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है.


