130 फीट की ऊंचाई से मौत की छलांग! बंजी जंपिंग टीम की एक गलती ने 21 साल की युवती की ले ली जान
ब्राजील में बंजी जंपिंग के दौरान 21 वर्षीय मारिया एडुआर्डा की 130 फीट से अधिक ऊंचाई से गिरने से मौत हो गई. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सुरक्षा रस्सी नहीं बंधी थी, जिसके कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ.

नई दिल्ली: ब्राजील में एक एडवेंचर स्पोर्ट्स गतिविधि के दौरान हुई दर्दनाक दुर्घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है. बंजी जंपिंग के दौरान 21 वर्षीय युवती की 130 फीट से अधिक ऊंचाई से गिरने के कारण मौत हो गई. शुरुआती जानकारी के अनुसार, जंपिंग टीम की गंभीर लापरवाही के चलते युवती को सुरक्षा रस्सी लगाए बिना ही पुल से कूदने की अनुमति दे दी गई थी.
जंप के कुछ सेकंड बाद हुआ हादसा
मृतका की पहचान मारिया एडुआर्डा रोड्रिग्स डी फ्रीटास के रूप में हुई है. वह साओ पाउलो राज्य के एक प्रसिद्ध बंजी जंपिंग स्थल पर रोमांचक अनुभव लेने पहुंची थी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कर्मचारियों ने उन्हें जंपिंग प्लेटफॉर्म तक पहुंचाया और छलांग लगाने की प्रक्रिया शुरू की, लेकिन सुरक्षा जांच में बड़ी चूक हो गई.
जैसे ही मारिया ने छलांग लगाई, वहां मौजूद लोगों को एहसास हुआ कि उनके शरीर से सुरक्षा रस्सी जुड़ी ही नहीं थी. कुछ लोगों को घबराहट में “रस्सी, रस्सी” चिल्लाते हुए भी सुना गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी.
सोशल मीडिया पोस्ट बनी चर्चा का विषय
हादसे से कुछ समय पहले मारिया ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर जंपिंग स्थल की तस्वीरें साझा की थी. उन्होंने मजाकिया अंदाज में लिखा था, “आखिर किसने मुझे पुल से कूदने की अनुमति दी?” दुर्घटना के बाद यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई और लोगों को भावुक कर गई.
JOVEN MUERE EN BUNGEE JUMPING EN BRASIL POR FALLA DE SEGURIDAD
— Periodismo Público Ecuador (@PeriodismoP_Ec) June 13, 2026
María Eduarda Rodrigues, 21 años, cayó 40 metros en Limeira, São Paulo, al lanzarse desde la “Ponte do Esqueleto” sin cuerda de seguridad.
Videos muestran que los organizadores la empujaron sin sujetarla. Murió en… pic.twitter.com/SVKNISgght
मंगेतर भी था मौके पर मौजूद
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हादसे के समय मारिया का मंगेतर भी वहीं मौजूद था. घटना को अपनी आंखों के सामने देखने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसे चिकित्सकीय सहायता देनी पड़ी.
छह लोगों को हिरासत में लिया गया
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटना से जुड़े छह लोगों को हिरासत में लिया है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि सुरक्षा नियमों का पालन क्यों नहीं किया गया और इस लापरवाही के लिए कौन जिम्मेदार है.
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस घटना के बाद एडवेंचर टूरिज्म गतिविधियों की सुरक्षा को लेकर बहस तेज हो गई है. स्थानीय प्रशासन ने जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है. जांच जारी है और अधिकारियों का कहना है कि दोषियों को कानून के अनुसार सजा दिलाई जाएगी.

