नई दिल्ली: सोशल मीडिया पर आपने कई ऐसे वीडियो देखे होंगे जहां लोग अजीबोगरीब हरकत करते हुए नजर आते हैं. लेकिन इन दिनों एक ऐसा वीडियो सोशल पर वायरल हो रहा है, जिसने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए है. बता दें, वायरल वीडियो बेंगलुरु से सामने आया है, जहां शहर के ओल्ड एयरपोर्ट रोड पर उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब राज्यपाल के काफिले के गुजरने से पहले ट्रैफिक को रोक दिया गया. इस दौरान जाम में फंसे एक व्यक्ति ने अपनी नाराजगी जाहिर करने के लिए बीच सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया, जो अब चर्चा का विषय बन गया है.
जानकारी के अनुसार, ओल्ड एयरपोर्ट रोड पर पहले से ही निर्माण कार्य चल रहा है, जिसके कारण सड़क का एक हिस्सा संकरा हो गया है. ऐसे में रविवार को राज्यपाल के काफिले के लिए ट्रैफिक रोके जाने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। इसी दौरान एक व्यक्ति, जो अपनी गर्भवती पत्नी के साथ यात्रा कर रहा था, लंबे समय तक जाम में फंसा रहा.
मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, व्यक्ति ने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी को जल्द ही कही पहुंचाना था लेकिन ट्रैफिक जाम के कारण उन्हें काफी लंबा इंतजार करना पड़ा। इस दौरान वह नाराज होकर वह इसरो जंक्शन के पास सड़क पर बैठ गया और वहां मौजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मियों से बहस करने लगा. कुछ लोगों का कहना है कि वह अपनी पत्नी को अस्पताल ले जा रहा था, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
जानकारी के अनुसार, जब शख्स काफी देर तक सड़क से नहीं हटा तो स्थिति को बिगड़ता देख ट्रैफिक पुलिस ने तुरंत अतिरिक्त पुलिस सहायता बुलाई। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर व्यक्ति को समझाया, जिसके बाद वह सड़क से हट गया और यातायात सामान्य करने की प्रक्रिया शुरू की गई. घटना के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने वीआईपी मूवमेंट के दौरान आम नागरिकों को होने वाली परेशानियों पर चिंता जताते हुए उठाया कि आपातकालीन परिस्थितियों में फंसे लोगों के लिए विशेष व्यवस्था क्यों नहीं की जाती, जिसके बाद से ही यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है. First Updated : Monday, 01 June 2026