विदेशी महिला ने दिखाया भारत का खूबसूरत चेहरा, वीडियो देख भावुक हुए लोग
भारत घूमने आई एक रूसी ट्रैवलर का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. भारतीय लोगों की गर्मजोशी, अपनापन और मेहमाननवाजी से प्रभावित महिला ने अपने अनुभव को बेहद भावुक अंदाज में साझा किया है.

नई दिल्ली: भारत को अक्सर उसकी संस्कृति, परंपराओं और मेहमाननवाजी के लिए जाना जाता है, लेकिन जब कोई विदेशी खुद इस अनुभव को महसूस करता है, तो उसकी कहानी लोगों के दिलों को छू जाती है. इन दिनों सोशल मीडिया पर एक रूसी महिला का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उसने भारत यात्रा के दौरान मिले प्यार, अपनापन और लोगों की गर्मजोशी को बेहद भावुक अंदाज में साझा किया है. वीडियो देखने के बाद कई लोग कह रहे हैं कि भारत की असली पहचान यहां के लोग हैं, जो अनजान व्यक्ति को भी अपना बना लेते हैं.
रूस की रहने वाली ट्रैवलर ऐना ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर भारत यात्रा का अनुभव साझा किया. उन्होंने बताया कि भारत आने से पहले उन्हें कई लोगों ने सावधान रहने और सतर्क रहने की सलाह दी थी, लेकिन यहां पहुंचने के बाद उनकी सोच पूरी तरह बदल गई.
भारत आकर बदला नजरिया
ऐना ने वीडियो में कहा कि उन्होंने भारत के बारे में जितना सुना था, असल अनुभव उससे बिल्कुल अलग निकला. यहां के लोगों ने उन्हें इतना अपनापन दिया कि वह कभी खुद को अकेला महसूस नहीं कर पाईं. वीडियो में वह अलग-अलग जगहों पर स्थानीय लोगों से बातचीत करती दिखाई देती हैं. कहीं बच्चे उनके साथ खेलते नजर आते हैं, तो कहीं वह भारतीय गलियों में घूमते हुए आम लोगों के साथ हंसती-मुस्कुराती दिखती हैं. उनके चेहरे पर भारत को लेकर उत्साह और खुशी साफ दिखाई देती है.
वीडियो के कई हिस्सों में ऐना भारतीय संस्कृति को करीब से महसूस करती नजर आती हैं. कहीं वह सड़क किनारे मिलने वाले खाने का स्वाद चख रही हैं, तो कहीं लोगों के साथ बैठकर बातचीत करती दिखाई देती हैं. एक दृश्य में वह बरगद के पेड़ के नीचे झूला झूलती नजर आती हैं, जबकि दूसरे हिस्से में बालों में गजरा लगाए भारतीय अंदाज में दिखाई देती हैं. कुछ क्लिप्स में वह छोटे कैफे में बैठकर स्थानीय लोगों के साथ समय बिताती नजर आईं. वीडियो में दिख रहे ये साधारण लेकिन भावुक पल लोगों को काफी पसंद आ रहे हैं.
‘भारत में मिले सबसे अच्छे दिल वाले लोग’
ऐना ने अपने पोस्ट के कैप्शन में लिखा कि भारत आने से पहले कई लोगों ने उन्हें यहां के लोगों से सावधान रहने की सलाह दी थी, लेकिन उन्हें यहां दुनिया के सबसे दयालु और मददगार लोग मिले. उन्होंने बताया कि कई अनजान लोगों ने बिना किसी स्वार्थ के उनकी मदद की. कुछ लोगों ने उनसे पूछा कि उन्होंने खाना खाया या नहीं, तो कुछ ने उनके साथ अपना खाना भी साझा किया. अन्ना ने कहा कि भारत में उन्हें हर जगह परिवार जैसा अपनापन महसूस हुआ. उनके मुताबिक, यहां के लोगों की जिज्ञासा, मुस्कुराहट और मेहमाननवाजी ने उनके दिल पर गहरी छाप छोड़ी. पोस्ट के आखिर में उन्होंने सिर्फ दो शब्द लिखे- “शुक्रिया इंडिया.”
सोशल मीडिया पर लोगों ने की तारीफ
ऐना का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. बड़ी संख्या में भारतीय यूजर्स ने इस वीडियो पर प्रतिक्रिया दी और कहा कि विदेशों में अक्सर भारत की एक अलग तस्वीर दिखाई जाती है, लेकिन यह वीडियो देश की असली भावना को सामने लाता है. कई लोगों ने लिखा कि भारत में मेहमान को भगवान का दर्जा दिया जाता है और यही इस देश की सबसे बड़ी ताकत है. वहीं कुछ यूजर्स ने मजाकिया अंदाज में कहा कि अन्ना ने अभी सिर्फ भारत की झलक देखी है, असली अनुभव अभी बाकी है.


