'132 रुपये से न आप अमीर बनेंगे न मैं', बिना किराया दिए कैब से उतरी महिला, सोशल मीडिया वायरल हुआ ड्राइवर से तकरार का Video

Viral Cab Video: सोशल मीडिया पर एक कैब ड्राइवर और महिला यात्री के बीच हुए विवाद का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. ड्रॉप प्वॉइंट को लेकर शुरू हुई बहस इस कदर बढ़ी कि महिला बिना किराया दिए ही कैब से उतर गई.

Shivani Mishra
Edited By: Shivani Mishra

Viral Cab Video: सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो खूब वायरल हो रहा है जिसमें एक महिला और कैब ड्राइवर के बीच हुए विवाद ने ऑनलाइन बहस छेड़ दी है. वीडियो में देखा जा सकता है कि महिला ड्रॉप प्वॉइंट को लेकर ड्राइवर से उलझ जाती है और बिना पैसे दिए ही कैब से बाहर निकल जाती है. यह वीडियो एक्स और रेडिट पर लाखों बार देखा जा चुका है. डैशकैम फुटेज में दोनों के बीच की पूरी बहस कैद है.

ड्रॉप प्वॉइंट को लेकर विवाद

वीडियो की शुरुआत में महिला ड्राइवर को धमकी देती है कि वह बिना पैसे दिए कैब से निकल जाएगी. इस पर ड्राइवर शांति से जवाब देता है, "आप बिना पेमेंट के निकल जाएंगी? जाइए."

महिला बार-बार ड्राइवर से कहती है कि उसे अंदर छोड़ना चाहिए, जबकि ड्राइवर साफ कहता है, "क्यों जाऊं मैं अंदर जब लोकेशन यहां की है."

ड्राइवर ने शांति से दिया जवाब

महिला की लगातार धमकियों के बावजूद ड्राइवर संयमित रहता है औरकहता है, "मुझे कोई दिक्कत नहीं है. मैडम 132 रुपये से ना तो आप अमीर बन जा रहे, ना मैं बन जा रहा. उसकी टेंशन मत लो." विवाद तब और बढ़ गया जब महिला ने ड्राइवर से अनौपचारिक लहजे में बात की. इस पर ड्राइवर ने उसे शालीनता से बोलने की नसीहत दी.

बिना किराया दिए चली गई महिला

बहस लंबे समय तक चलती रही और आखिरकार महिला बिना भुगतान किए कैब से निकल गई. बाहर निकलते समय उसने दावा किया कि दूसरे ड्राइवर उसे अंदर तक छोड़ देते, लेकिन यह ड्राइवर ऐप की लोकेशन से हटने को तैयार नहीं हुआ.

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

यह क्लिप अब तक 2.1 मिलियन से ज्यादा व्यूज हासिल कर चुकी है. ज्यादातर लोग ड्राइवर के पक्ष में नजर आए और उसकी शांत और पेशेवर प्रतिक्रिया की तारीफ की. एक यूजर ने लिखा, "ड्राइवर सही है. जब लोकेशन वहीं की थी तो उसे कहीं और क्यों जाना चाहिए?"

कई यूजर्स ने महिला को एरोगेंट और एंटाइटल्ड बताया. वहीं कुछ लोगों का मानना था कि यह विवाद बेहतर संवाद से टाला जा सकता था. एक यूजर ने लिखा, "अगर उसने विनम्रता से कहा होता तो ड्राइवर जरूर अंदर छोड़ देता."

हालांकि कुछ यूजर्स ने महिला का पक्ष भी लिया. एक शख्स ने लिखा, "इस ड्राइवर का व्यवहार बिल्कुल बकवास है, अंदर उतरना तुम्हारी जिम्मेदारी है यार, 100 मीटर और गाड़ी चलाकर तुम किसी का भला नहीं कर रहे. और कोई भी समझदार इंसान उस जगह को अपनी सोसाइटी का मुख्य द्वार ही मानेगा, न कि कोई टावर और फ्लैट."

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो