महाराष्ट्र: मुंबई में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के समर्थन में हुए प्रदर्शन के दौरान एक युवती की तस्वीर और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए. ग्रे हूडी पहने यह युवती पुलिस की वैन के सामने दोनों हाथ फैलाकर खड़ी हो गई, जिससे वह देखते ही देखते चर्चा का विषय बन गई. इस युवती का नाम रिया अहीर है, जिनकी तस्वीरों ने इंटरनेट पर लोगों का ध्यान खींचा है.
रिया अहीर 27 वर्षीय मॉडल हैं. सोशल मीडिया पर उनकी अच्छी-खासी पहचान है और इंस्टाग्राम पर उनके करीब एक लाख फॉलोअर्स हैं. वह कई म्यूजिक वीडियो में भी नजर आ चुकी हैं. हाल ही में वह 'दिलबरा' गाने के वीडियो में दिखाई दी थी.
रिया अहीर मुंबई के दादर स्थित कोहिनूर स्क्वायर से शिवाजी पार्क की ओर जा रही थी. इसी दौरान उन्होंने एक पुलिस वैन में प्रदर्शनकारियों को ले जाते देखा. उनका कहना है कि उन्हें लगा कि प्रदर्शनकारियों को बिना जरूरत हिरासत में लिया जा रहा है. इसके बाद वह तुरंत पुलिस वैन के सामने जाकर खड़ी हो गईं.
रिया के अनुसार, पुलिस ने उन्हें समझाने की कोशिश की कि प्रदर्शनकारियों को कुछ दूरी पर छोड़ दिया जाएगा, लेकिन उन्होंने यह बात मानने से इनकार कर दिया और वहीं डटी रहीं.
वायरल वीडियो में रिया काफी आत्मविश्वास के साथ पुलिस वैन के सामने खड़ी दिखाई देती हैं. हालांकि उन्होंने बाद में बताया कि उस समय वह अंदर से काफी घबराई हुई थी. उन्होंने कहा कि डर जरूर था, लेकिन उन्हें लगा कि जो वह कर रही हैं, वह सही है. उनका दावा है कि पुलिस ने वैन आगे बढ़ाने की कोशिश भी की, लेकिन वह अपनी जगह से नहीं हटी.
रिया अहीर लगातार सोशल मीडिया पर सक्रिय रहती हैं. प्रदर्शन से पहले उन्होंने एक वीडियो में बताया था कि उन्होंने विरोध प्रदर्शन को ध्यान में रखते हुए अपने कपड़े चुने हैं. उन्होंने यह भी कहा था कि वह किसी भी स्थिति के लिए खुद को तैयार करके आई हैं.
CJP के समर्थन में मुंबई के कई इलाकों में प्रदर्शन हुए. पुलिस के अनुसार, बिना अनुमति प्रदर्शन करने और निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने के आरोप में कई मामले दर्ज किए गए हैं. शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सार्वजनिक स्थानों पर प्रतिबंधात्मक आदेश भी लागू किए गए हैं.
रिया अहीर की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर लगातार वायरल हो रहे हैं. कई लोग उनके साहस की चर्चा कर रहे हैं, जबकि पूरे मामले को लेकर बहस भी जारी है. First Updated : Friday, 24 July 2026