'मैं गे हूं' बच्चे के जन्म के बाद पति ने पत्नी को बताया ऐसा सच, फिर दोनों ने लिया फैसला जिसे जानकर हर कोई हैरान

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक महिला ने दावा किया कि लव मैरिज और बच्चे के जन्म के बाद उसके पति ने खुद को समलैंगिक बताया, जिसके बाद दोनों ने अलग होने के बजाय बच्चे की परवरिश के लिए नई व्यवस्था अपनाई

Sonee Srivastav

नई दिल्ली: सोशल मीडिया पर इन दिनों एक महिला की निजी जिंदगी से जुड़ी कहानी तेजी से वायरल हो रही है. इस वीडियो में महिला ने बताया कि उसने अपने सहकर्मी से प्रेम विवाह किया, दोनों की शादीशुदा जिंदगी अच्छी चल रही थी और बाद में उनके घर एक बच्चे का जन्म भी हुआ, लेकिन बच्चे के जन्म के बाद पति ने ऐसा सच बताया, जिसने उनकी जिंदगी की दिशा ही बदल दी. 

महिला के अनुसार, उसके पति ने स्वीकार किया कि वह समलैंगिक (गे) है. इस खुलासे के बाद दोनों ने रिश्ते को नए तरीके से संभालने का फैसला किया। वीडियो पर सोशल मीडिया यूजर्स भी अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं.

साथ काम करते-करते हुआ प्यार

महिला के मुताबिक, दोनों की मुलाकात नौकरी के दौरान हुई थी. दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई और परिवार की सहमति से दोनों ने शादी कर ली. महिला ने बताया कि शादी से पहले पति ने यह जरूर बताया था कि वह पहले एक पुरुष को डेट कर चुका है, लेकिन उस समय उसने इस बात को ज्यादा गंभीरता से नहीं लिया। शादी के बाद दोनों की जिंदगी सामान्य रही और कुछ समय बाद उनके घर एक बच्चे का जन्म हुआ.

बच्चे के जन्म के बाद सामने आया सच

महिला ने बताया कि बच्चे के जन्म के बाद वह पोस्टपार्टम डिप्रेशन से गुजर रही थी. इसी दौरान पति ने उससे खुलकर बातचीत की और बताया कि वह वास्तव में समलैंगिक है तथा उसकी भावनात्मक और शारीरिक रुचि पुरुषों की ओर है. यह सुनकर महिला को बड़ा झटका लगा, लेकिन दोनों ने तुरंत अलग होने का फैसला नहीं किया.

बच्चे की परवरिश के लिए साथ रहने का फैसला

महिला ने बताया कि दोनों ने अपने बच्चे की बेहतर परवरिश को प्राथमिकता दी. कुछ समय तक वे एक ही घर में साथ रहे. हालांकि, बाद में दोनों ने यह महसूस किया कि सच छिपाकर रिश्ता निभाना सही नहीं होगा. इसके बाद पति ने एक पुरुष के साथ नया रिश्ता शुरू किया.

एक ही घर में अलग-अलग जिंदगी

महिला के अनुसार, आज भी दोनों एक ही घर में रहते हैं. वह अपने बच्चे के साथ ऊपर की मंजिल पर रहती है, जबकि उसका पूर्व पति नीचे की मंजिल पर अपने पुरुष साथी के साथ रहता है. उनका कहना है कि इस व्यवस्था से बच्चे को परिवार के सभी लोगों का प्यार मिलता है.

सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाएं

वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग राय सामने आई. कुछ यूजर्स ने महिला के धैर्य और समझदारी की सराहना की. वहीं कई लोगों ने पति की आलोचना करते हुए कहा कि यदि उन्हें पहले से अपनी यौन पहचान का पता था, तो शादी और परिवार शुरू करने से पहले सच बता देना चाहिए था.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो