नई दिल्ली: ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में कड़ाके की ठंड के बीच एक महिला का अनोखा विरोध प्रदर्शन सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. बता दें, करीब 4 डिग्री सेल्सियस तापमान में लिंजरी पहनकर प्रदर्शन करती महिला के वीडियो ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है. वीडियो देखने के बाद कई सोशल मीडिया यूजर्स सवाल उठा रहे हैं कि आखिर इस तरह के कपड़ों में विरोध प्रदर्शन करने की क्या जरूरत थी. हालांकि, महिला ने खुद इसके पीछे की वजह भी बताई है.
दरअसल, वायरल वीडियो में नजर आ रही महिला का नाम स्टेफानिया फेरारियो है, जो पेशे से एक मॉडल हैं और लंबे समय से वीगन लाइफस्टाइल को बढ़ावा देती रही हैं. वह सोशल मीडिया पर भी प्लांट-बेस्ड डाइट और वीगन लाइफस्टाइल से जुड़े कंटेंट शेयर करती हैं. वहीं उनके इस प्रदर्शन का उद्देश्य लोगों को जानवरों के अधिकारों के प्रति जागरूक करना और वीगन फूड अपनाने के लिए प्रेरित करना था.
वीडियो में भारतीय कंटेंट क्रिएटर लवली सिंह स्टेफानिया से बातचीत करती हैं, जब उनसे पूछा जाता है कि इतनी ठंड में इस तरह प्रदर्शन करने की वजह क्या है, तो स्टेफानिया कहती हैं कि उनका मकसद लोगों का ध्यान इस मुद्दे की ओर आकर्षित करना है. उनका मानना है कि जानवरों के शोषण को रोकने और प्लांट-बेस्ड भोजन को बढ़ावा देने के लिए लोगों तक यह संदेश प्रभावी तरीके से पहुंचना जरूरी है.
बातचीत के दौरान स्टेफानिया यह भी कहती हैं कि लोग ऐसे खाद्य पदार्थों का सेवन कम करें, जिनके लिए जानवरों का इस्तेमाल किया जाता है. उनका मानना है कि पशु-आधारित खाद्य उद्योग को आर्थिक समर्थन देने के बजाय प्लांट-बेस्ड विकल्पों को अपनाना बेहतर है.
जब उनसे पूछा गया कि विरोध प्रदर्शन के लिए उन्होंने लिंजरी ही क्यों चुनी, तो उन्होंने जवाब दिया कि ऐसा उन्होंने केवल लोगों का ध्यान आकर्षित करने के लिए किया. उनका कहना था कि अगर वे सामान्य कपड़ों में प्रदर्शन करतीं, तो शायद यह संदेश इतनी तेजी से लोगों तक नहीं पहुंच पाता। स्टेफानिया ने अपनी फिटनेस का राज भी शेयर किया. उन्होंने बताया कि वे डेयरी उत्पादों का सेवन नहीं करतीं और उनका पूरा पोषण पौधों से मिलने वाले खाद्य पदार्थों से होता है. उनके अनुसार, संतुलित प्लांट-बेस्ड डाइट और नियमित वेट ट्रेनिंग के जरिए स्वस्थ और फिट शरीर बनाया जा सकता है.
यह वीडियो इंस्टाग्राम पर भारतीय क्रिएटर लवली सिंह द्वारा शेयर किया गया है, जिसे करोड़ों बार देखा जा चुका है और लाखों लोगों ने पसंद किया है. सोशल मीडिया पर इस प्रदर्शन को लेकर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं. कुछ यूजर्स स्टेफानिया के संदेश और वीगन लाइफस्टाइल का समर्थन कर रहे हैं, जबकि कई लोगों का कहना है कि बैलेंस डाइट में पशु-आधारित प्रोटीन की भी अपनी भूमिका होती है. इस बहस के बीच वीडियो लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है. First Updated : Thursday, 09 July 2026