तमिलनाडु में सत्ता बदलाव के संकेत? स्टालिन बोले- विजय सरकार बनाए तो DMK नहीं डालेगी दखल

तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा उलटफेर करते हुए विजय की TVK 108 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है. कांग्रेस ने अपने 5 विधायकों के समर्थन का ऐलान कर दिया है, लेकिन इसके बावजूद सरकार बनाने के लिए TVK अभी भी बहुमत के आंकड़े से 5 सीट दूर है.

Goldi Rai
Edited By: Goldi Rai

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है. अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, जिसके बाद सत्ता परिवर्तन की तस्वीर लगभग साफ नजर आ रही है. इसी बीच निवर्तमान मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने नई सरकार को लेकर बड़ा बयान दिया है.

डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन ने कहा है कि उनकी पार्टी अगले छह महीने तक नई सरकार को परेशान करना नहीं करेगी. हालांकि उन्होंने उम्मीद जताई कि TVK सरकार डीएमके द्वारा शुरू की गई जनकल्याण योजनाओं को जारी रखेगी. स्टालिन ने यह भी कहा कि चुनाव से पहले महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये देने का जो वादा TVK ने किया था, उसे भी पूरा किया जाना चाहिए.

स्टालिन ने योजनाएं जारी रखने की जताई उम्मीद

मीडिया से बातचीत में एमके स्टालिन ने कहा कि स्कूल के बच्चों के लिए फ्री ब्रेकफास्ट स्कीम और महिला मुखियाओं को दिए जाने वाले मासिक भत्ते जैसी योजनाएं बंद नहीं होनी चाहिए. उन्होंने कहा, इस चुनाव में भी हमने केवल उन्हीं चीजों का वादा किया जिन्हें हम पूरा कर सकते थे. मुझे नहीं लगता कि टीवीके अपने वादे पूरे कर पाएगी (राशन कार्ड धारकों के प्रत्येक परिवार को प्रति वर्ष छह मुफ्त एलपीजी सिलेंडर देने के वादे का जिक्र करते हुए). स्टालिन के इस बयान को चुनावी वादों और नई सरकार की क्षमता को लेकर बड़ा राजनीतिक संदेश माना जा रहा है.

तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर सस्पेंस

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में TVK ने 108 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में जगह बनाई है. वहीं डीएमके को 59 सीटें मिली हैं. TVK ने सरकार बनाने का दावा पेश किया है और विजय के शपथ ग्रहण समारोह की संभावना गुरुवार को जताई जा रही है. हालांकि राज्यपाल अभी पार्टी के आंकड़ों से पूरी तरह संतुष्ट नहीं बताए जा रहे हैं. तमिलनाडु विधानसभा में बहुमत के लिए 118 सीटों की जरूरत है, जबकि TVK अभी इस आंकड़े से पांच सीट पीछे है.

कांग्रेस ने दिया TVK को समर्थन

डीएमके की सहयोगी कांग्रेस के पास पांच सीटें हैं और पार्टी ने TVK को समर्थन देने का ऐलान कर दिया है. कांग्रेस के समर्थन के बाद TVK का आंकड़ा 113 तक पहुंच गया है, लेकिन पार्टी को अभी भी साधारण बहुमत से पांच सीट कम हैं. कांग्रेस के इस फैसले को लेकर डीएमके ने नाराजगी जताई है और इसे पीठ में छुरा घोंपना  बताया है. हालांकि कांग्रेस ने अपने फैसले का बचाव करते हुए कहा कि वह तमिलनाडु में बीजेपी को सत्ता से दूर रखना चाहती है.

VCK की बैठक पर टिकी नजरें

सरकार गठन के बीच अब सबकी नजरें विदुथलाई चिरुथैगल काची पर टिकी हुई हैं. पार्टी गुरुवार को एक अहम बैठक करने जा रही है, जिसमें TVK को समर्थन देने या नहीं देने पर फैसला लिया जाएगा. VCK प्रमुख थोल थिरुमावलवन ने कहा, विजय ने हमसे समर्थन मांगा है. हम अपनी पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों के विचार जानने के बाद निर्णय लेंगे. इस बैठक के बाद तमिलनाडु की सियासत में अगला बड़ा घटनाक्रम सामने आ सकता है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो