अपने प्रतिनिधियों संग राज्यपाल से मिलने पहुंचे टीवीके प्रमुख विजय, सरकार बनाने का पेश दावा
अब यह खबर आ रही है कि विजय ने आज ही राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया है। इस मुलाकात को सुविधाजनक बनाने के लिए तमिलनाडु के राज्यपाल ने केरल जाने वाली अपनी फ्लाइट भी रद्द कर दी है।

चेन्नई: तमिलनाडु में सियासी हलचल तेज हो गई है। पहले खबर आई थी कि टीवीके प्रमुख विजय सोमवार को राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मुलाकात करेंगे, लेकिन अब यह खबर आ रही है कि एक्टर विजय ने आज ही राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया है। इस मुलाकात को सुविधाजनक बनाने के लिए तमिलनाडु के राज्यपाल ने केरल जाने वाली अपनी फ्लाइट भी रद्द कर दी है। बता दें कि फिलहाल विजय के पास 120 विधायकों का समर्थन है।
अच्छे दिन आने वाले हैं- TVK
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार तमिलनाडु के मदुरै उत्तर से TVK विधायक विजय अनबन कल्लनाई ने कहा, “हमें पूरा भरोसा है कि सरकार बनेगी। अच्छे दिन ज़रूर आएंगे। विजय के लिए इस तरह की रुकावटें आना स्वाभाविक है। उन्होंने पहले भी ऐसी मुश्किलों का सामना किया है और इस बार भी वे इनसे पार पा लेंगे।”
विजय के समर्थन में उतरी IUML
आपको बताते चलें कि विजय की TVK को समर्थन देने वाली IUML पार्टी के वरिष्ठ नेता KAM मुहम्मद अबूबकर ने कहा, “इसमें कोई बदलाव नहीं है। इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग की तमिलनाडु राज्य समिति अभी भी DMK के नेतृत्व वाले गठबंधन में है। हमने सरकार बनाने के लिए TVK का समर्थन किया है... हमारे समर्थन के बिना, वे सरकार नहीं बना सकते। हमें तमिलनाडु में लोकतांत्रिक मूल्यों का समर्थन करना होगा... हमने इस बारे में उनसे (DMK) चर्चा की है।”


